सड़क पर हाईवोल्टेज ड्रामा:पत्नी ने पति को प्रेमिका संग रंगेहाथ पकड़ा,वीडियो वायरल, दोनों महिलाएं हिरासत में, जांच जारी
आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के एत्मादपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कुबेरपुर इलाके में रविवार शाम उस समय हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जब एक पत्नी ने अपने पति को उसकी प्रेमिका के साथ रंगेहाथ पकड़ लिया। इस दौरान सड़क पर करीब एक घंटे तक हंगामा चलता रहा, जो बाद में मारपीट में बदल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पति का किसी युवती से लंबे समय से प्रेम संबंध चल रहा था। इसकी जानकारी मिलने पर पत्नी अपने परिजनों के साथ मौके पर पहुंच गई और पति को युवती के साथ घूमते हुए पकड़ लिया। गुस्से में पत्नी ने युवती के साथ कहासुनी के बाद मारपीट कर दी। इसी दौरान पति मौके से फरार हो गया।

सड़क पर हो रही मारपीट को देखकर आसपास के लोग जमा हो गए। कई राहगीरों ने घटना का वीडियो बना लिया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। लोगों ने दोनों महिलाओं को समझाने की कोशिश की, लेकिन काफी देर तक विवाद शांत नहीं हुआ।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों महिलाओं को थाने ले जाकर मामले की जांच शुरू की। पीड़ित पत्नी का आरोप है कि उसके पति का लंबे समय से अफेयर चल रहा था और विरोध करने पर वह उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट करता था। महिला ने बताया कि करीब एक महीने पहले पति ने उसे अपने साथ रखने से मना कर दिया था, जिसके बाद वह अपने पांच और छह साल के दो बच्चों के साथ मायके चली गई थी। महिला का यह भी आरोप है कि उसने पहले थाने में शिकायत दी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
वहीं, मारपीट में घायल युवती ने पत्नी और अन्य महिलाओं के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। आगरा पुलिस कमिश्नरेट की ओर से सोशल मीडिया पर जारी जानकारी के अनुसार, युवती की शिकायत पर शांति, पूजा, आरती और पिंकी के खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।