प्रतापगढ़ में दो बच्चों की माँ को चढ़ा प्यार का बुखार,पति ने थाने में समझौता कर किया पत्नी को विदा
प्रतापगढ़: जिले के अंतू थाना क्षेत्र से रिश्तों और सामाजिक मर्यादाओं को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ दो बच्चों की माँ पर ऐसा प्यार का बुखार चढ़ा कि उसने पति, घर और बच्चों को छोड़ प्रेमी के साथ नई ज़िंदगी शुरू करने का फैसला कर लिया।
मामला अंतू थाना क्षेत्र अंतर्गत आधारपुर ग्राम सभा के गोपालपुर गांव का है। जानकारी के अनुसार, यहाँ की एक विवाहिता महिला का सेवकराय का पुरवा निवासी आलोक वर्मा से काफी समय से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। दोनों के बीच लगातार संपर्क और मुलाकातों को लेकर घर में तनाव बढ़ता जा रहा था।
जब पति को इस रिश्ते की जानकारी हुई तो पहले पारिवारिक स्तर पर समझाने-बुझाने की कोशिश की गई, लेकिन पत्नी प्रेमी के साथ रहने की जिद पर अड़ी रही। मामला बढ़ता देख अंततः बात थाने तक पहुँच गई।
अंतू थाने में पति, पत्नी और प्रेमी को बुलाकर पुलिस की मौजूदगी में लंबी पंचायत चली। काफी देर तक चली बातचीत के बाद तीनों पक्षों के बीच आपसी सहमति से समझौता हुआ। समझौते के अनुसार, दोनों बच्चे पिता के पास ही रहेंगे, जबकि महिला अपनी मर्जी से प्रेमी के साथ रहने के लिए तैयार हो गई।
समझौते के बाद पति ने थाने में ही पत्नी को विदा कर दिया। वहीं महिला अपने प्रेमी के साथ थाने से निकल गई। यह पूरा घटनाक्रम क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस घटना ने एक बार फिर पारिवारिक रिश्तों और सामाजिक मूल्यों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोग तरह-तरह की चर्चाएँ कर रहे हैं, वहीं बच्चों के भविष्य को लेकर भी चिंता जताई जा रही है।
फिलहाल पुलिस का कहना है कि मामला आपसी सहमति से सुलझा लिया गया है और किसी भी पक्ष की ओर से कोई कानूनी कार्रवाई की मांग नहीं की गई है।