दरोगा ने की महिला से फोन पर अश्लील बातें, अर्द्धनग्न होकर थाने में मचाया उत्पात
एटा। थाना बागवाला में तैनात एक दरोगा ने फोन पर महिला से अश्लील और गंदी बातें कीं। अधिकारियों ने जब उसे पर शिकंजा कसा तो अर्द्धनग्न होकर थाने में उत्पात मचाया। सीओ सिटी के साथ अभद्रता कर डाली। दरोगा को निलंबित कर दिया गया है और उसके विरुद्ध थाने के ही दूसरे दरोगा ने एफआइआर दर्ज कराई है।
एसएसपी ने दरोगा को निलंबित कर दिया है। दरोगा की बातों की आडियो क्लिप भी सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही है। आडियो में बातचीत की शुरुआत में ही दरोगा चंद्रशेखर गौतम फोन पर महिला से यह पूछता है कि उसका पति कहां है। जब महिला बताती है कि पति खेत में पानी लगाने गए हैं, तो इसके बाद दरोगा की भाषा आपत्तिजनक और अश्लील होती चली जाती है।
आडियो में दरोगा महिला के पति के लिए अपशब्दों का प्रयोग करता है, उसे बदसूरत और बदबूदार तक कहता है और महिला से यह सवाल करता है कि वह उसके साथ कैसे रह लेती है। यही नहीं पुत्र न होने की बात का फायदा उठाते हुए दरोगा महिला को उत्तराधिकारी देने तक की पेशकश करता है।
बातचीत के दौरान वह महिला और उसके पति से जुड़ी कई निजी और अंतरंग जानकारियां भी पूछता है। दरोगा बार-बार महिला को परसोंन मंदिर पर आने का दबाव बनाता है और अश्लील बातें शुरू करने से पहले उससे कसम तक लेता है कि वह यह बातें किसी से साझा नहीं करेगी। 22 मिनट 54 सेकंड की इस आडियो क्लिप में दरोगा ने अश्लीलता की सारी हदें पार कर दीं।
महिला ने जब यह आडियो अपने पति को सुनाया तो पूरे गांव में इसकी चर्चा फैल गई। बताया गया कि दो दिन पहले दरोगा किसी काम से महिला के गांव गया था, जहां से उसने महिला का मोबाइल नंबर लिया था और उसके बाद सोमवार की रात में उसे फोन मिला दिया।
पीड़िता गांव प्रधान के साथ एसएसपी श्याम नारायण सिंह से मिली और पूरे मामले की शिकायत करते हुए क्लिप पुलिस अधिकारियों को सौंपी। मामले की गंभीरता को देखते हुए मंगलवार को एसएसपी ने दरोगा चंद्रशेखर गौतम को निलंबित कर दिया है। विभागीय जांच के आदेश भी दिए गए हैं।
इधर बुधवार शाम को जब सीओ सिटी राजेश सिंह मामले की जानकारी लेने बागवाला थाने पहुंचे, तो उस समय दरोगा नशे की हालत में था और उसने सीओ से भी अभद्रता कर दी। थाने में अर्द्धनग्न होकर उसने उत्पात मचाया। इसके बाद दरोगा के खिलाफ बागवाला थाने में एफआइआर दर्ज कराई गई है।
महिला द्वारा मौखिक शिकायत करते हुए आडियो क्लिप दी गई थी, जिस पर जांच के दौरान मामला सही पाया गया और दरोगा के विरुद्ध कार्रवाई की गई है। विभागीय जांच भी चल रही है। बागवाला इंस्पेक्टर ने एफआइआर दर्ज कराई है।