प्रतापगढ़ में घर से स्कूल निकलीं कक्षा 11 की तीन छात्राएं लापता हो गईं, पुलिस को दिल्ली में मिली लोकेशन
प्रतापगढ़। घर से स्कूल जाने के लिए निकलीं एक ही गांव की तीन छात्राएं गायब हो गईं। परेशान अभिभावकों ने उनकी काफी तलाश की लेकिन कुछ भी पता नहीं चला। पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की तो इन तीनों की लोकेशन दिल्ली में मिली। तहरीर के आधार पर पुलिस अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर काल डिटेल खंगाल रही है।
अंतू क्षेत्र के एक गांव की तीन किशोरियां पड़ोस के एक इंटरमीडिएट कालेज में कक्षा 11 में पढ़ती हैं। गुरुवार को तीनों छात्राएं घर से स्कूल जाने के लिए निकली थीं। देर शाम तक घर वापस नहीं लौटीं। बेटियों के घर वापस न लौटने पर स्वजन उनकी खोजबीन में लगे, लेकिन उनका कहीं पता नहीं चला। तहरीर मिलने पर पुलिस शुक्रवार को अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
परिवार के सदस्यों के अनुसार तीनों छात्राएं 29 जनवरी की सुबह घर से स्कूल के लिए निकली थीं, लेकिन न स्कूल पहुंचीं और न ही वे घर लौटीं। आसपास व रिश्तेदार के यहां तलाश की, मगर कोई जानकारी नहीं मिली। छात्राएं घर से मोबाइल फोन लेकर निकली हैं, लेकिन वह बंद है।
मामले में छात्रा की मां ने अंतू पुलिस को बेटियों के गायब होने की सूचना दी। तब पुलिस ने छात्रा की मां की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने स्कूल पहुंचकर छात्राओं के बारे में जांच की। उनके मोबाइल फोन की काल डिटेल निकाली गई।
छात्राओं की तलाश के लिए पुलिस टीम को संभावित स्थानों पर भेजा। पुलिस के मुताबिक गायब छात्राओं की लोकेशन दिल्ली में मिली है। थानाध्यक्ष अभिषेक सिरोही ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर छात्राओं की तलाश की जा रही है। जल्द ही छात्राओं को बरामद कर लिया जाएगा।