दोस्ती, प्यार फिर विवाद, वेलेंटाइन डे पर प्रेमी प्रेमिका का हुआ अंत,थाने तक पहुंचा था मामला
नोएडा में वेलेंटाइन डे पर करीब 15 साल पुरानी प्रेम कहानी का अंत हो गया। युवक ने पहले प्रेमिका को गोली मारी फिर खुद को। दोनों के शव शनिवार को सेक्टर-107 में सड़क किनारे खड़ी कार में मिले। पानी कारोबारी व जिलास्तरीय क्रिकेटर और निजी कंपनी में नौकरी करने वाली युवती में कुछ महीनों से अनबन चल रही थी। शुक्रवार रात दोनों मिले थे।
बताया गया कि दिल्ली के त्रिलोकपुरी निवासी सुमित कुमार (32) और सलारपुर निवासी रेखा (28) शादी करना चाहते थे लेकिन परिजनों को यह मंजूर नहीं था। इस वजह से उनमें विवाद चल रहा था। पुलिस की जांच में सामने आया है कि अब युवती की शादी किसी दूसरी जगह तय हो गई थी। इस बीच सोशल मीडिया पर एक मैसेज वायरल हो रहा है जिसमें लिखा है कि आत्महत्या के लिए जिम्मेदार युवती (रेखा) है। वह 15 साल साथ रही और शादी का वादा भी किया। अब वह किसी और से शादी करने जा रही है। यह मैसेज सुमित का बताया जा रहा है।

हालांकि पुलिस इसकी सत्यता की जांच कर रही है।पुलिस के मुताबिक, राहगीरों ने कार के अंदर युवक-युवती के शव होने की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने देखा कि कार में आगे की सीट पर युवक-युवती लहूलुहान पड़े है। युवक के हाथ में पिस्टल है। पुलिस ने कार का लॉक खोलकर दोनों को बाहर निकाला। दूसरी तरफ पुलिस जांच में सामने आया है कि सुमित शुक्रवार शाम को घर से अल्ट्रेज कार लेकर निकला था। इसके बाद उसे घरवाले तलाश रहे थे। इस मामले में परिजनों ने सुमित की गुमशुदगी दिल्ली के मयूर विहार फेज वन थाने में दर्ज करवाई थी।
रेखा भी शुक्रवार को ऑफिस से घर के लिए निकली थी, लेकिन घर नहीं पहुंची थी। परिजनों ने रेखा की गुमशुदगी की सूचना सेक्टर-58 पुलिस से की थी। जहां कार खड़ी मिली है उससे कुछ दूरी पर ही युवती का घर है।डीसीपी नोएडा यमुना प्रसाद का कहना है कि युवक व युवती कार के अंदर मृत मिले थे। कार के अंदर से पिस्टल व दो खाली खोखे बरामद हुए हैं। पुलिस व फोरेंसिक टीम जांच कर रही हैं। सभी तथ्यों पर जांच की जा रही है।
घर खरीद कर दिया था
युवक के भाई ने पुलिस को बताया है कि सुमित ने रेखा को घर खरीद कर दिया था। वहीं रेखा के भाई ने पुलिस को बताया है कि सुमित उसकी बहन का पीछा करता था। पहले इस मामले में शिकायत पर पर उसने लिखित में माफी मांगी थी।
दोस्ती, प्यार फिर विवाद, वेलेंटाइन डे पर प्रेमी प्रेमिका का हुआ अंत
सुमित और रेखा एक दूसरे को 15 साल से जानते थे और दोनों शादी करना चाहते थे। दोनों की शादी को लेकर परिवार में बहुत विरोध था। इससे दोनों परेशान भी थे। दोनों मिलते भी थे। दोनों में लड़ाई भी हुई थी। दोनों में कई बार विवाद हुआ था, जो थाने तक पहुंचा था।
सुमित दिल्ली स्थित अपने घर से शुक्रवार शाम पांच बजे और रेखा अपने सेक्टर-62 स्थित दफ्तर से सात बजे निकली थी। इसके बाद दोनों का संपर्क परिजनों से नहीं हुआ। बताया जा रहा है कि दोनों की मुलाकात नोएडा में हुई और साथ में ही कार में दोनों घूमते रहे।

युवती के परिवार का कहना है कि उसका मोबाइल फोन सुबह लगभग सात बजे तक ऑन था, लेकिन पुलिस की ओर से उसे तलाशने के प्रयास ठीक से नहीं किए गए। परिवार का आरोप है कि युवक पहले भी युवती को परेशान करता था और इस संबंध में शिकायत भी दी गई थी, हालांकि बाद में दोनों के बीच समझौता हो गया था।
युवती के घर वालों ने पुलिस से अनहोनी होने की आशंका भी जताई थी। इसके बावजूद पुलिस की सक्रियता सवालों के घेरे में रही। पुलिस की टीम कार के अंदर से खून के नमूने व अन्य साक्ष्यों के नमूने लिए हैं। हथियार की बैलिस्टिक जांच होगी। इससे गोली की दिशा व दूरी के बारे में पता चलेगा।
युवती के घर से कुछ दूरी पर मिला शव
सेक्टर-107 स्थित जिस स्थान पर युवक व युवती का शव मिला है। उससे कुछ दूरी पर सलारपुर में युवती का घर है। युवक व युवती के बीच कई साल से प्रेम संबंध थे लेकिन इससे घर के कई लोग नाखुश थे।
युवक ने पुलिस के सामने मांगी थी माफी
कुछ समय पहले युवती के घरवालों ने सुमित के खिलाफ थाने में छेड़खानी की शिकायत कर दी थी। इसके बाद पुलिस के सामने लिखित में उसने माफी मांगी थी कि आगे से वह युवती को परेशान नहीं करेगा।
पुलिस ने 50 से अधिक सीसीटीवी खंगाले
इस घटना के बाद पुलिस की तीन टीमें जांच में जुटी हुई है। पुलिस युवती के ऑफिस, युवक के घर व घटनास्थल के आसपास लगे 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगाले हैं। इससे पता चलेगा कि दोनों की मुलाकात कहां हुई थी। और कहां कहां गए थे। इससे स्थिति स्पष्ट होगी। इस घटना के बाद दोनों के परिजन कोतवाली सेक्टर-39 पहुंचे।