प्रतापगढ़ में 50 हजार के इनामी का हाफ एनकाउंटर:पैर में लगी गोली, अस्पताल में भर्ती
प्रतापगढ़ में पुलिस और 50 हजार के इनामी बदमाश अतुल गौड़ उर्फ राजा के बीच मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ के दौरान बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। देहात कोतवाली पुलिस ए.टी.एल. ग्राउंड के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान अंतरजनपदीय बदमाश अतुल गौड़ ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस टीम ने भी जवाबी फायरिंग की, जिसमें बदमाश के बाएं पैर में गोली लगी। पुलिस ने मौके से अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं। आईजी प्रयागराज ने इस अंतरजनपदीय आरोपी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
29 वर्षीय अतुल गौड़ उर्फ राजा, पुत्र लहरी, निवासी भूपियामऊ, थाना कोतवाली देहात, प्रतापगढ़, का लंबा आपराधिक इतिहास है। उस पर 18 साल की उम्र में देहात कोतवाली में पहला मुकदमा दर्ज हुआ था। पिछले 11 सालों में उसके खिलाफ चोरी, लूट, हत्या के प्रयास और धोखाधड़ी सहित कुल 38 मुकदमे प्रतापगढ़, सुल्तानपुर और जौनपुर जिलों में दर्ज हैं। पुलिस प्रशासन ने उस पर गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की है।