खाना न बनाने पर पत्नी की हत्याः पति ने कुकर से सिर पर ताबड़तोड़ वार किया; रातभर लाश के बगल में सोया
मिर्जापुर में खाना नहीं बनाने पर पति ने पत्नी की हत्या कर दी। नशे में प्रेशर कुकर से सिर पर ताबड़तोड़ वार किए। पत्नी खून से लथपथ गिर गई। कुछ ही समय में उसने दम तोड़ दिया। वारदात के बाद आरोपी वहीं झोपड़ी में नशे की हालत में सो गया।
रातभर किसी को भनक तक नहीं लगी। रविवार सुबह झोपड़ी के बाहर खून देखकर पड़ोसी अंदर गए, तो महिला की लाश देखी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पति को हिरासत में लिया। उससे पूछताछ की जा रही है। घटना कटरा कोतवाली क्षेत्र की है।
अब पढ़िए पूरा मामला…
घटना हनुमान पड़ा मोहल्ले की है। यहां का रहने वाला कपूर (55) एक कारपेट कंपनी में मजदूरी करता है। वह पत्नी चंदा (50) के साथ अकेले झोपड़ी में रहता था। शनिवार देर रात वह शराब के नशे में घर लौटा। पत्नी से खाना मांगा। चंदा ने कहा कि खाना नहीं बना है। इस बात को लेकर दोनों में बहस होने लगी।
बात इतनी बढ़ गई कि कपूर ने पास में रखा प्रेशर कुकर उठाया और चंदा के सिर पर कई वार कर दिए। उसका सिर फट गया। गंभीर चोट लगने से वह चारपाई पर गिर पड़ी। अधिक ब्लीडिंग होने के कारण उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद पति नशे की हालत में वहीं सो गया। सुबह जब पड़ोसियों ने झोपड़ी से बहकर बाहर आया खून देखा, तो लोग झोपड़ी के अंदर गए। अंदर चारपाई पर खून से लथपथ पत्नी की लाश पड़ी थी। बगल की चारपाई पर पति सो रहा था।
शराब को लेकर आयदिन झगड़े होते थे
पड़ोसियों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। एसपी सिटी नितेश सिंह ने फोरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने आरोपी कपूर को मौके से ही हिरासत में ले लिया। पुलिस पूछताछ में हत्या की वजह घरेलू विवाद बताया जा रहा है।
पड़ोसियों ने बताया कि कपूर और चंदा की शादी करीब 35 साल पहले हुई थी। दोनों के बच्चे नहीं हैं। मृतका का मायका शहर कोतवाली क्षेत्र के पेहटी का चौराहा इलाके में है। मोहल्ले के लोगों का कहना है कि आए दिन शराब को लेकर घर में झगड़े होते थे, लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि बात इतनी आगे बढ़ जाएगी।
भाई ने दर्ज कराई फिर- एसपी सिटी
एसपी सिटी नितेश सिंह ने बताया- पारिवारिक विवाद में नशे में धुत पति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी थी। मौके से हत्या में इस्तेमाल प्रेशर कुकर बरामद कर लिया गया है। मृतक के भाई शहर कोतवाली क्षेत्र के पेहटी चौराहा निवासी राकेश की तहरीर पर कटरा कोतवाली में मामला दर्ज किया गया है। आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।