प्रधान के बेटे की मौत:NH-731फोरलेन पर हुआ हादसा, तेज रफ्तार कार से टकराई बाइक
प्रतापगढ़ में देर रात हुए सड़क हादसे में पूर्व प्रधान के 48 वर्षीय पुत्र वीरेंद्र यादव की मौत हो गई। यह घटना आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र के ढकवा बाजार स्थित एनएच-731 फोरलेन पर हुई। हादसे के बाद कार चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के पूरा गांव निवासी पूर्व प्रधान रमापति यादव के पुत्र वीरेंद्र यादव रात करीब डेढ़ बजे जौनपुर की ओर से अपनी बाइक से घर लौट रहे थे। ढकवा बाजार में अपने गांव के मोड़ के पास पहुंचते ही वाराणसी की दिशा से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वीरेंद्र यादव गंभीर रूप से घायल हो गए और बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे के बाद कार सवार लोग वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए। सूचना मिलने पर ढकवा चौकी इंचार्ज अवधराज यादव और एसआई शिवम त्रिपाठी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। घायल वीरेंद्र यादव को तत्काल एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमरगढ़ भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक और कार दोनों को अपने कब्जे में ले लिया है। कार पर वाराणसी का नंबर दर्ज बताया जा रहा है। रात में ही सूचना पाकर परिजन सीएचसी पहुंचे। शव देखते ही परिवार में शोक छा गया। वीरेंद्र यादव अपने तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।