प्रतापगढ़ में टैक्सी चालक की गोली मारकर हत्या, जंगल में मिला शव, पारिवारिक रंजिश में वारदात को दिया गया अंजाम
प्रतापगढ़। दिलीपपुर के चौखड़ा गांव स्थित जंगल में सोमवार शाम एक टैक्सी चालक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। उसका शव पड़ा था, सिर व कनपटी से खून बह रहा था। पास में ही बाइक भी पड़ी थी। सूचना पर पुलिस पहुंची और जांच-पड़ताल के बाद शव कब्जे में लिया। कुछ देर बाद एसपी भी मौके पर पहुंचे। पारिवारिक विवाद में वारदात को अंजाम दिए जाने की आशंका जताई जा रही है।
अचलपुर नगर कोतवाली निवासी हाशिम अली का छोटा बेटा 35 वर्षीय आशिक अली अपनी व ट्रेवेल्स की टैक्सी चलाता था। सोमवार शाम वह किसी के बुलाने पर बाइक लेकर घर निकला था। शाम करीब साढ़े पांच बजे कुछ लोग चौखड़ा जंगल की पगडंडी पर गए तो बाइक पर युवक को मृत देख सन्न रह गए। शव मिलने की सूचना जैसे-जैसे फैली लोगों की भीड़ बढ़ती गई।
दिलीपपुर एसओ बलराम सिंह पहुंचे। फारेंसिक टीम भी आई। उसकी पहचान होने पर घर वालों को सूचना दी गई। परिवार के लोग आए और आरोप लगाने लगे कि कुछ लोगों के बुलाने पर वह घर से निकला था। वह कौन लोग थे, इसका पता पुलिस लगाए। जिस तरह से आशिक बाइक पर गिरा पड़ा था, उससे लगा कि उसे बाइक से चलते वक्त गोलियां मारी गई हैं। दो गोली लगने की आशंका है। किसने उसे मारा, क्या दुश्मनी थी। युवक जंगल में कैसे पहुंचा, किसने और क्यों उसे बुलाया। इन सवालों का जवाब तलाशने में पुलिस लगी है।
फिलहाल प्रारंभिक जांच में हत्या की कड़ी परिवार में तीन साल से चल रहे विवाद से जुड़ती लग रही है। मौके पर आशिक का मोबाइल नहीं मिला। आशंका यह भी है कि उसकी ही बाइक पर बैठकर आने वाला ही उसे मार दिया हो। इस संबंध में एसपी दीपक भूकर का कहना है कि युवक को गोली मारी गई है। जहां लाश मिली है, वहां आम आवागमन नहीं रहता। किसी के बुलाने पर ही युवक के वहां जाने की आशंका है। चार टीमों को लगाया गया है। शीघ्र ही राजफाश होगा।