उत्तरप्रदेशअपराधमेरठ बॉडी बिल्डर ने खुद को चाकू मारकर दी जान:भाई से फोन पर झगड़ा हुआ, गुस्से में जांघ पर वार किया By Pratibha Rajdar Last updated Mar 27, 2026 626 मेरठ जिले के इंचौली थाना क्षेत्र के लावड़ कस्बे में एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। क्षेत्र निवासी युवक को अपने जिस सुडौल और फिट शरीर पर गुरूर था वही उसकी मौत की वजह बन गया। भाई से फोन पर हुए विवाद के बाद 28 वर्षीय बॉडी बिल्डर ने गुस्से में अपनी ही जांघ पर चाकू से वार कर लिया। नस कटने से अत्यधिक रक्तस्राव हुआ और अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। डॉक्टरों के अनुसार यदि सलमान के शरीर पर चर्बी होती तो उसकी जान बच सकती थी। भाई से फोन पर विवाद के बाद उठाया कदम एएसपी बजरंग प्रसाद के अनुसार लावड़ कस्बे की जामा मस्जिद के पास रहने वाले सलमान का गुरुवार सुबह अपने बड़े भाई इमरान से फोन पर किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। कहासुनी बढ़ने पर सलमान ने आवेश में आकर अपनी ही जांघ पर चाकू से कई वार कर लिए। गंभीर रूप से घायल होने के बाद परिजनों ने उन्हें तुरंत मोदीपुरम स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन अत्यधिक खून बह जाने के कारण चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। नस कटने से हुआ अत्यधिक रक्तस्राव चिकित्सकों के मुताबिक जांघ में दिल तक खून पहुंचाने वाली मुख्य नस कट जाने के कारण अत्यधिक रक्तस्राव हुआ। यही वजह रही कि समय रहते इलाज के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। क्षेत्र के उभरते खिलाड़ी थे सलमान सलमान लावड़ कस्बे में पोल्ट्री फार्म का संचालन करते थे। इसके साथ ही वह क्षेत्र के एक जाने माने बॉडी बिल्डर भी थे। फिटनेस के प्रति समर्पित सलमान ने कई जिलों में आयोजित बॉक्सिंग और फिटनेस प्रतियोगिताओं में भाग लिया था और कई पदक जीतकर कस्बे का नाम रोशन किया था। वह अपने छह भाइयों में पांचवें नंबर पर थे। परिवार अभी छोटे भाई की कुछ वर्ष पहले हुई मौत के सदमे से पूरी तरह उबर भी नहीं पाया था कि इस घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया। परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़ सलमान की शादी चार वर्ष पहले मुजफ्फरनगर के खालापार निवासी आयशा से हुई थी। उनके परिवार में एक साल की बेटी और 25 दिन का मासूम बेटा है। मौत की खबर मिलते ही पत्नी और मां सुल्ताना बेसुध हो गईं। घर में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। पोस्टमार्टम से परिजनों का इनकार घटना की सूचना मिलने पर इंचौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने का प्रयास किया, लेकिन परिजनों ने किसी भी तरह की कानूनी कार्रवाई से इनकार कर दिया। इसके बाद पंचनामा भरने की औपचारिकता पूरी कर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। समाचार 626 Share