प्रतापगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई:हत्या के प्रयास मामले में वांछित आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया न्यायालय
प्रतापगढ़ कोतवाली देहात पुलिस ने हत्या के प्रयास के एक मामले में वांछित चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। यह मामला पुरानी रंजिश को लेकर हुई मारपीट से जुड़ा है। जानकारी के अनुसार, बीते 26 मई को कटरा इन्द्रकुंवर पुल के पास पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया था। आरोप है कि एक पक्ष ने वादी और उसके भाई पर लाठी-डंडों तथा हॉकी से हमला कर दिया था। इस हमले में वादी का भाई गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया था।
घटना के बाद पीड़ित पक्ष की तहरीर पर कोतवाली देहात थाने में हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी। इसी क्रम में शुक्रवार को पुलिस को सूचना मिली कि मामले में वांछित आरोपी अश्वनी सिंह क्षेत्र में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कटरा इन्द्रकुंवर पुलिया के पास घेराबंदी कर अश्वनी सिंह को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी अश्वनी सिंह निवासी कटरा इन्द्रकुंवर, थाना कोतवाली देहात का रहने वाला है। पुलिस ने बताया कि मामले में अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।