जिला जज, डीएम और एसपी ने किया जिला कारागार का निरीक्षण, बंदियों से जाना हालचाल

प्रतापगढ़। जिला जज, जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने मंगलवार को जिला कारागार का संयुक्त निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने कारागार परिसर में सुरक्षा, स्वच्छता, स्वास्थ्य सेवाओं और बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का गहन निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिला जज, जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय तथा पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने कारागार की विभिन्न बैरकों, भोजनालय, चिकित्सालय एवं अन्य महत्वपूर्ण स्थानों का अवलोकन किया। अधिकारियों ने बंदियों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त की तथा उनके निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
अधिकारियों ने कारागार प्रशासन से बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी लेते हुए व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने पर जोर दिया। साथ ही कारागार की सुरक्षा व्यवस्था का भी बारीकी से निरीक्षण किया गया और सुरक्षा मानकों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान कारागार प्रशासन के अधिकारियों सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने कारागार में अनुशासन, सुरक्षा एवं बंदियों के कल्याण से जुड़े सभी पहलुओं पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बताई।