लखनऊ-सुलतानपुर हाईवे पर गोसाईगंज-गंगागंज और हैदरगढ़ में बनेगा बाईपास,मिलेगी जाम से राहत
लखनऊ। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने लखनऊ-सुलतानपुर हाईवे पर बढ़ते यातायात दबाव कम करने के लिए गोसाईगंज,गंगागंज और हैदरगढ़ में बाईपास बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।एनएचएआई जल्द ही प्रस्ताव तैयार कर स्वीकृति के लिए शासन को भेजेगी। राष्ट्रीय राजमार्ग पर बढ़ते यातायात और नगर क्षेत्रों में लगने वाले जाम से राहत दिलाने के लिए गोसाईगंज,गंगागंज और हैदरगढ़ में बाईपास निर्माण की योजना पर काम शुरू हो गया है।तीनों स्थानों पर बायपास निर्माण का प्रस्ताव 15 दिनों से बनाया जा रहा है।अगले कुछ महीनों में विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर स्वीकृति के लिए भेजा जाएगा।मंजूरी मिलने के बाद भूमि अधिग्रहण और निर्माण संबंधी औपचारिकताएं पूरी कर कार्य शुरू कराया जाएगा।
लखनऊ-सुलतानपुर हाईवे क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग बन चुका है।बांदा-बहराइच मार्ग,सुबेहा-शुकुल बाजार मार्ग, हैदरगढ़-रायबरेली मार्ग,गंगागंज-नगराम मार्ग, गंगागंज-बाराबंकी मार्ग और गोसाईगंज-मोहनलालगंज मार्ग सहित कई प्रमुख राजकीय सड़कों का यातायात इसी हाईवे से होकर गुजरता है,इससे इस पर दिन-रात वाहनों का दबाव लगातार बढ़ रहा है।इसके अलावा हैदरगढ़,त्रिवेदीगंज, भेलवल,गंगागंज और गोसाईगंज क्षेत्र के ग्रामीण संपर्क मार्गों से भी प्रतिदिन हजारों छोटे-बड़े वाहन हाईवे पर पहुंचते हैं। लगभग आठ हजार वाहन रोजाना इन मार्गों से होकर राष्ट्रीय राजमार्ग का उपयोग करते हैं।
हाईवे पर स्थित टोल प्लाजा से प्रतिदिन लगभग 10 हजार वाहनों का आवागमन होता है।इनमें लगभग तीन हजार ट्रक और बसें शामिल हैं।भारी वाहनों की बढ़ती संख्या से कई स्थानों पर यातायात दबाव बढ़ रहा है और नगर क्षेत्रों में जाम की समस्या भी सामने आती है।तीनों स्थानों पर बाईपास बनने से स्थानीय आबादी को जाम से राहत मिलेगी, यात्रा समय कम होगा और हाईवे पर यातायात अधिक सुगम एवं सुरक्षित हो सकेगा।