प्रेमी से बात करते-करते ओवरब्रिज से कूदी लड़कीः सिर फटने से मौत; घरवालों से लड़-झगड़कर शादी तय कराई थी
लखनऊ में 22 साल की एक लड़की ने ओवरब्रिज से कूदकर जान दे दी। करीब 20 फीट ऊंचाई से वह सड़क पर गिरी। इससे उसका सिर फट गया। लड़की ने अपने घरवालों से जिद करके प्रेमी से अपनी शादी तय कराई थी। घरवालों के अनुसार, वह ज्यादातर अपने प्रेमी और उसके परिवार के साथ ही समय बिताती थी। पुलिस के मुताबिक, घटना से पहले लड़की अपने प्रेमी से फोन पर बात कर रही थी। परिजनों का आरोप है कि गुरुवार रात फोन पर बातचीत के दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद वह प्रेमी से ही बात करते हुए घर के बाहर निकली और ओवरब्रिज से कूद गई।
घर से बिना बताए निकली थी
मामला मड़ियांव थाना क्षेत्र का है। यहां कसाईबाड़ा निवासी रामकिशन गौतम की बेटी शिल्पी गौतम (22) 12वीं तक पढ़ी थी। बहन लक्ष्मी ने बताया कि गुरुवार रात करीब 10 बजे पूरा परिवार एक साथ खाना खा रहा था। इसी दौरान शिल्पी मोबाइल लेकर घर से बाहर चली गई। वह अक्सर प्रेमी से बात करने के लिए बाहर निकल जाती थी, इसलिए किसी ने उस पर ध्यान नहीं दिया। काफी देर तक वापस न लौटने पर परिवार को लगा कि वह प्रेमी के घर चली गई होगी।
अगले साल नहीं, इसी साल शादी की जिद
परिजनों के अनुसार, शिल्पी का पास के ही एक युवक से प्रेम संबंध था। परिवार की सहमति के बाद दोनों की शादी तय हो चुकी थी। नवरात्र में सगाई और अगले साल फरवरी में विवाह की तैयारी थी। लेकिन शिल्पी चाहती थी कि शादी अगले साल नहीं बल्कि इसी साल कर दी जाए।
पिता की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण परिवार ने विवाह अगले साल करने का फैसला किया था। इसी बात को लेकर घर में अक्सर विवाद होता था। परिवार का कहना है कि शिल्पी अपनी बात पर अड़ी रहती थी।
ब्यूटी पार्लर का काम छोड़ दिया था
शिल्पी ब्यूटी पार्लर में काम करती थी। करीब तीन महीने पहले उसने नौकरी छोड़ दी थी और घर पर ही रह रही थी। परिजनों के मुताबिक, वह अपना अधिकांश समय प्रेमी और उसके परिवार के साथ बिताती थी। पिता रामकिशन गौतम का आरोप है कि प्रेमी से ही बात करते हुए उसने यह कदम उठाया है। उसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। कॉल डिटेल और अन्य साक्ष्यों के आधार पर यह पता लगाया जा रहा है कि घटना से पहले युवती और उसके प्रेमी के बीच क्या बातचीत हुई थी।