मां के डांटने पर 12 साल के बेटे का सुसाइड:बेल्ट से गला कसकर दी जान
कौशांबी में मां के डांटने पर 12 साल के बच्चे ने जान दे दी। दोस्तों ने उसके झगड़ा करने की शिकायत की थी। मां ने जब डांट लगाई तो बच्चे ने खुद को कमरे में बंद कर लिया। बेल्ट से अपना गला कस लिया। बच्चा काफी देर तक बाहर नहीं निकला। उसके रोने की आवाज भी नहीं आई। परिवार वाले दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंचे। वहां देखा तो बच्चे के गले में उसी की बेल्ट कसी हुई थी। परिवार वाले तुरंत उसे अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया गया। अस्पताल की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। इसके बाद पुलिस बच्चे के घर पहुंची और पूछताछ की। घटना करारी क्षेत्र के लहना गांव की है।
बाग में खेलते समय दोस्तों से झगड़ा हुआ
लहना गांव के रहने वाले गणेश लोधी (35) किसान हैं। उनका गांव में ही एक छोटा सा मकान है। वह अपनी पत्नी अनीता देवी (33) और बेटे अंकित (12), अंशु (8), प्रियांशु (6) और बेटी शिवानी (4) के साथ रहते हैं। शनिवार को वह काम से घर के बाहर गए थे। घर मां और अंकित ही थे। दोपहर में अंकित भी अपनी बकरियां लेकर दोस्तों के साथ बाग में चला गया।
बाग में खेलते हुए अंकित का अपने साथ खेलने वाले लड़कों से झगड़ा हो गया। इसके बाद लड़कों ने घर आकर अंकित की शिकायत उसकी मां से की। इसके बाद मां ने अंकित को समझाते हुए डांट लगा दी। मां की डांट से नाराज अंकित रोते हुए अपने कमरे में चला गया। अंकित की मां घर के काम में लग गई।
मां को लगा बेटा कमरे में सो गया
कुछ देर बाद जब रोने की आवाज आनी बंद हो गई तो मां को लगा अंकित सो गया। वह अपने काम में ही व्यस्त रही। लेकिन कॉफी देर तक जब अंकित बाहर नहीं निकला तो वह डर गई। उसे आवाज देने लगी। परेशान होकर उसने अपने पति गणेश को फोन करके पूरी बात बताई।
गणेश गांव के पास ही था तो घर जल्दी पहुंच गया। किसी तरह से दरवाजा खोलकर अंदर घुसा। देखा कि अंकित चारपाई पर गिरा पड़ा है। उसके गले में बेल्ट कसी हुई है। अंकित इसी बेल्ट को पहनकर खेलने भी गया था। परिवार वाले तुरंत उसे तुरंत अस्पताल लेकर भागे। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल प्रशासन ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बच्चे के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया दिया। इसके बाद घटना की जांच के लिए उसके घर पहुंची। एसपी सत्यनारायण प्रजापति ने बताया कि घटना को लेकर कोई शिकायत नहीं मिली है। मामले में जांच की जा रही है।