प्रेम संबंध से नाराज पिता ने बेटी को कुल्हाड़ी से काट डाला:पत्नी के सिर पर भी किए कई वार, थाने पहुंचकर किया सरेंडर
फिरोजाबाद में ऑनर किलिंग का मामला सामने आया है। बेटी के प्रेम संबंध से नाराज पिता ने उसे कुल्हाड़ी से काट डाला। बीचबचाव करने पहुंची पत्नी के सिर पर भी कुल्हाड़ी दे मारी। दोनों को लहूलुहान कर आरोपी मौके से भाग निकला। करीब ढाई घंटे के बाद आरोपी ने खुद ही थाने पहुंचकर पुलिस को सरेंडर कर दिया और बेटी–पत्नी की हत्या की बात बताई। पुलिस मौके पर पहुंची और लहूलुहान बेटी–पत्नी को ट्रामा सेंटर पहुंचाया।
तब बेटी की तो मौत हो चुकी थी, पर पत्नी की सांसें चल रही थीं। उसे तत्काल आगरा रेफर कर दिया गया। जहां उपचार करने के बाद वापस फिरोजाबाद ट्रामा सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया। पुलिस ने बताया– 15 दिन पहले युवती पड़ोस में रहने वाले अपने प्रेमी के साथ घर से भाग गई थी। बाद में लौट आई, इसी बात से उसका पिता नाराज था। पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच की है। वारदात जिला मुख्यालय से 12 किलोमीटर दूर थाना बसई मोहम्मदपुर क्षेत्र की है।

पूरा मामला सिलसिलेवार तरीके से पढ़िए–
थाना बसई मोहम्मदपुर क्षेत्र की नीलकंठ कॉलोनी, सोफीपुर निवासी राकेश राठौर और उनका पूरा परिवार चूड़ियां बनाने का काम करता है। परिवार में दो बेटे और एक बेटी है। इकलौती बेटी मुस्कान (19) का पड़ोस में रहने वाले युवक से लंबे समय से अफेयर चल रहा था।
पिता राकेश राठौर इस रिश्ते के खिलाफ था्, जबकि मां पुष्पा देवी बेटी को सपोर्ट करती थी। परिजनों ने बताया– करीब 15 दिन पहले मुस्कान, अपने प्रेमी के साथ घर से भाग गई थी, हालांकि देर रात तक लौट आई।

इस बात को लेकर राकेश राठौर काफी नाराज था।
रविवार शाम करीब 6:30 बजे राकेश घर पहुंचा तो मुस्कान को प्रेमी से बात करके देखा। बस इसी बात को लेकर आगबबूला हो गया। उसने घर में रखी कुल्हाड़ी उठाई और मुस्कान के सिर पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिये। बेटी की चीख सुनकर मां पुष्पा देवी बीच–बचाव करने करने पहुंची तो राकेश ने उसके सिर पर भी कुल्हाड़ी दे मारी। दोनों लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ीं। राकेश दोनों को अधमरी हालत में छोड़कर मौके से फरार हो गया।
रात करीब 9:00 बजे वह बसई मोहम्मदपुर थाने पहुंचा और पुलिस को बताया– मैंने अपनी पत्नी–बेटी की हत्या कर दी है। पुलिस के हाथ–पैर फूल गए। थाना प्रभारी कृष्ण स्वरूप पाल पुलिस फोर्स लेकर मौके पर पहुंचे। मुस्कान और पुष्पा देवी को ट्रामा सेंटर पहुंचा। जहां डॉक्टरों ने मुस्कान को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल पुष्पा देवी को आगरा रेफर कर दिया गया। उसकी हालत भी नाजुक बनी हुई है।

बेटे ने बताया- हम दोनों भाई गए थे वृंदावन
छोटे बेटे अरुण ने बताया– मेरा बड़ा बेटा अजय, उसकी पत्नी रचना और मैं और मेरी पत्नी अंजू रविवार सुबह गोवर्धन परिक्रमा करने के लिए वृंदावन चले गए थे। घर में सिर्फ पापा, मम्मी और बहन ही मौजूद थे। हमें पड़ोसियों से पता चला कि बहन की मौत हो गई है। क्या हुआ, कुछ पता नहीं।
मृतक के पड़ोसी सीताराम ने बताया कि जिस समय घटना हुई उन्हें आवाज तक नहीं आई। लेकिन पता चला है कि उनकी बेटी बिना बताए घर से चली गई थी। इसी बात से नाराज होकर पड़ोसी ने यह कदम उठाया है।
एसपी ग्रामीण बोले- आरोपी गिरफ्तार
एसपी ग्रामीण अनुज चौधरी ने बताया– आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रथम दृष्टया जांच में सामने आया है कि बेटी के घर छोड़कर जाने की घटना को लेकर वह नाराज था। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।