राम मंदिर: कौन हैं बजरंग लाल बागड़ा? बनाए जा सकते हैं चंपत राय की जगह राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की सोमवार (6 जुलाई) को आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में बड़ा प्रशासनिक फैसला लिया गया। ट्रस्ट ने वर्तमान महासचिव चंपत राय का इस्तीफा आधिकारिक रूप से स्वीकार करते हुए विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) के अंतरराष्ट्रीय महामंत्री बजरंग लाल बागड़ा को सर्वसम्मति से नया महासचिव नियुक्त किया। यह निर्णय ऐसे समय में आया है जब राम मंदिर में दान से जुड़े कथित अनियमितताओं को लेकर चर्चाएं तेज हैं। सूत्रों के अनुसार, नवनियुक्त महासचिव बजरंग लाल बागड़ा फिलहाल अयोध्या में ही मौजूद हैं, लेकिन प्रशासनिक और औपचारिक कारणों से उन्होंने ट्रस्ट की बैठक में प्रत्यक्ष रूप से हिस्सा नहीं लिया। सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद वे जल्द ही अपने पद का कार्यभार संभालेंगे। ट्रस्ट के इस फैसले को मंदिर के प्रशासनिक ढांचे को और मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव तक का सफर
राजस्थान के सीकर जिले के रहने वाले बजरंग लाल बागड़ा का शैक्षणिक और सामाजिक जीवन बेहद प्रेरणादायक रहा है। उन्होंने वर्ष 1961 से 1970 के बीच लोसल के सरकारी माध्यमिक विद्यालय से प्रारंभिक शिक्षा प्राप्त की और राजस्थान बोर्ड की स्टेट मेरिट सूची में स्थान हासिल किया।
उन्हें नेशनल मेरिट स्कॉलरशिप भी मिली। छात्र जीवन में वे फर्स्ट क्लास स्काउट और पेट्रोल लीडर रहे। इसके बाद जयपुर के यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ कॉमर्स से बी.कॉम की पढ़ाई पूरी की और द इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई) से चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) बने। लंबे समय से वीएचपी में सक्रिय भूमिका निभा रहे बागड़ा अब श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव के रूप में नई जिम्मेदारी निभाएंगे।