यूपी में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर का मर्डर: चेहरा, गर्दन, छाती-हाथ पर वार,पति ने घटना को दिया अंजाम
मेरठ के सरूरपुर के कस्बा हर्रा में शुक्रवार सुबह सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और ब्यूटी पार्लर संचालिका निशा चौहान की उनके पति प्रदीप चौहान ने चाकू से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी। बीच-बचाव में आया 17 वर्षीय बेटा देव भी चाकू लगने से घायल हो गया। वारदात के बाद प्रदीप ने खुद को भी चाकू मारकर जान देने की कोशिश की। इन्फ्लुएंसर निशा का पड़ोस में रहने वाले प्रदीप के चचेरे भाई विकास से गली के रास्ते पर गेट निकलवाने को लेकर विवाद चल रहा था। उसने कई बार एसडीएम और सीओ से इसकी शिकायत की। कई बार वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर वायरल किया लेकिन समाधान नहीं निकला।

आरोप है कि बृहस्पतिवार रात विकास ने अपने मामा के बेटे राहुल के साथ मिलकर अपने घर का तीसरा गेट निशा के ब्यूटी पार्लर के सामने लगवा दिया। शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे जब निशा ने नया गेट देखा तो उसका वीडियो बना लिया। तहरीर के अनुसार इसके बाद विकास और राहुल ने प्रदीप को उकसा दिया। इस पर पति-पत्नी के बीच प्लॉट के बैनामे और गेट विवाद को लेकर कहासुनी होने लगी।आरोप है कि इसी दौरान प्रदीप ने आपा खो दिया। वह किचन से चाकू लेकर दौड़ा और निशा को जमीन पर गिराकर उसके चेहरे, गर्दन, छाती व हाथ पर लगभग 10 वार कर दिए। आरोप है कि प्रदीप निशा के शरीर पर उसकी मौत होने तक वार करता रहा। बचाव में आए दंपती के 17 वर्षीय बेटे देव के हाथ में भी चाकू लग गया। पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।हत्या की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक देहात अभिजीत कुमार, क्षेत्राधिकारी आशुतोष कुमार फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायल देव को सीएचसी में और प्रदीप को कंकरखेड़ा के लक्ष्य अस्पताल में भर्ती कराया जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई गई है।

गेट लगाने का भी कर रही थी विरोध
हापुड़ जिले के गढ़मुक्तेश्वर निवासी अंकित ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 20 वर्ष पहले उनकी बहन निशा की शादी कस्बा हर्रा निवासी प्रदीप चौहान के साथ हुई थी। निशा घर में ही ब्यूटी पार्लर चलाती थीं। पड़ोस में रहने वाले प्रदीप के चचेरे भाई विकास से उनका गली के रास्ते और गेट निकलवाने को लेकर विवाद चल रहा था।उन्होंने कई बार पुलिस और उप जिलाधिकारी से शिकायत की। कई बार वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर वायरल किए लेकिन समाधान नहीं हुआ। हालांकि पुलिस ने प्रदीप और विकास के खिलाफ शांतिभंग की आशंका में कार्रवाई की थी। निशा ने कुछ दिन पहले भी विकास और उसके मामा के बेटे राहुल पर मारपीट का आरोप लगाया था। आरोप है कि विकास ने शुक्रवार रात पहले से दो गेट होने के बावजूद तीसरा गेट ब्यूटी पार्लर के बराबर लगवा दिया जिसका निशा विरोध कर रही थीं।

137 गज के प्लॉट का शुक्रवार को होना था बैनामा
प्रदीप और निशा ने मैनापूठी गांव में 137 गज का एक प्लॉट 17 लाख रुपये में खरीदा था। शुक्रवार को उसका बैनामा होना था। निशा की बहन का कहना है कि प्लॉट खरीदने में निशा ने 80 प्रतिशत रकम दी थी। इसी वजह से वह प्लॉट अपने नाम कराना चाहती थीं। पुलिस के अनुसार इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ