पति ने खाया जहर, पत्नी फंदे पर लटकी: घर से बाहर नौकरी करना चाहती थी; 8 महीने पहले लव मैरिज की थी
झांसी में रीलबाज पत्नी ने घर से बाहर जाकर नौकरी कर रही थी। इसको लेकर पति-पत्नी के बीच झगड़ा हो गया। इसके बाद पति ने जहर खा लिया। घरवाले उसे अस्पताल लेकर भागे। इसी बीच पत्नी कमरे में फंदे से लटक गई। पत्नी की मौत हो गई, जबकि पति की हालत गंभीर बनी है। पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। दोनों ने करीब 8 महीने पहले लव मैरिज की थी। घटना बबीना के इमलीपुरा मोहल्ले में सोमवार रात करीब 11 बजे की है।
इमलीपुरा में रहने वाला सागर साहू (32) मध्यप्रदेश के अशोकनगर में एसी-फ्रिज रिपेयरिंग का काम करता है। करीब डेढ़ साल पहले उसकी सोशल मीडिया पर लखनऊ में रहने वाली राधा राठौर (30) से पहचान हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच अफेयर हो गया। बाद में दोनों के परिवारवालों की सहमति से 25 नवंबर, 2025 में उनकी शादी हो गई। शादी के बाद दोनों अशोकनगर में ही रहने लगे। सागर के बड़े भाई विजय साहू ने बताया- सोमवार रात करीब 11 बजे सागर अपनी पत्नी राधा के साथ बबीना स्थित घर पहुंचा। देर रात किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। इसी दौरान सागर ने जहर खा लिया।
पति अस्पताल पहुंचा, इधर पत्नी ने लगा ली फांसी
कुछ देर बाद गैलरी से कराहने की आवाज सुनकर घरवाले वहां पहुंचे। तब सागर ने बताया कि उसने जहर खा लिया है। उसने बचाने की गुहार लगाई। घरवाले उसे बबीना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
विजय ने बताया- हम लोग सागर को मेडिकल कॉलेज लेकर जा रहे थे। इसी दौरान मेरी पत्नी प्रीति का फोन आया कि राधा कमरे में दुपट्टे से फंदा लगाकर उससे लटक गई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राधा को फंदे से उतारकर अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मुझे नहीं पता कि दोनों ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया?
ऑफिस जाकर काम करना चाहती थी राधा
घरवालों के अनुसार, राधा शादी के बाद अशोकनगर में सागर के साथ रह रही थी। सागर एसी-फ्रिज रिपेयरिंग का काम करता था, वहीं राधा एक प्राइवेट कंपनी के लिए वर्क फ्रॉम होम करती थी। बताया जा रहा है कि राधा सोशल मीडिया पर भी काफी एक्टिव रहती थी। उसे रील बनाने का काफी शौक था।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि राधा बाहर जाकर नौकरी करने की इच्छा जता रही थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। पुलिस का कहना है कि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई शिकायत नहीं दी गई है। वहीं, राधा की मौत की सूचना लखनऊ में रहने वाले उसके मायकेवालों को दे दी गई है।