लाठी-डंडों से पीटा, ईंट से सिर कूचा:मां-पत्नी की हत्याकर खोपड़ी का मांस खा गया,लोगों पर फेंके मांस के टुकड़े
कुशीनगर में एक युवक ने पत्नी और मां की हत्या कर दी। पहले दोनों को लाठी-डंडों से पीटा, फिर ईंट से सिर कुचलकर मार डाला। इसके बाद आरोपी ने दोनों की खोपड़ी का मांस निकालकर खा लिया। जब गांव के लोग मौके पर पहुंचे तो वह उन पर मांस के टुकड़े फेंकने लगा।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और छत पर बैठे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। वारदात अहिरौली थाना क्षेत्र के परसा गांव की है। आरोपी का नाम सिकंदर गुप्ता (30) है।
अब पढ़िए पूरा मामला
गांव के बनवारी गुप्ता का बेटा सिकंदर गुप्ता मुंबई में शटरिंग का काम करता है। वो एक महीने पहले ही गांव लौटा था। परिवार में उसकी मां रूना देवी (60) और 4 बहने हैं। सभी बहनों की शादी हो चुकी है। उसकी शादी 4 साल पहले प्रियंका (28) के साथ हुई थी। पिता की मौत हो चुकी है।
गांव के लोगों ने बताया कि सिकंदर शराब और गांजा पीता था। अक्सर अपनी पत्नी और मां से मारपीट कर हत्या करने की धमकी देता था। शनिवार को सिकंदर अपनी पत्नी को लेकर ससुराल देवरिया के सौना लक्ष्मण गांव गया था। वहां से रविवार को लौट रहा था।
रास्ते में कुशीनगर के हाटा में मारपीट करने लगा। लोगों ने उसे डांटा तो वो पत्नी को घर लेकर आ गया। घर में उसने मां और पत्नी से मारपीट की और घर छोड़कर चला गया।
ग्रामीणों के मुताबिक, गांव छोड़ने के बाद वो 8 किलोमीटर दूर लक्ष्मीपुर गांव पहुंचा। वहां एक घर के बाहर शोर मचाकर दरवाजा पीटने लगा। ग्रामीणों की सूचना पर सिकंदर का साला सोनू मौके पर पहुंचा और उसे लेकर घर छोड़ा।
सोनू ने बताया – प्रियंका मेरी ममेरी बहन थी। कल ही अपने मायके से यहां आई थी। मैंने घर जाकर सिकंदर को समझाया और मारपीट न करने की हिदायत दी। इसके बाद मैं चला गया।
पहले पत्नी फिर मां काे मारा
आज सुबह 8 बजे तक कोई बात नहीं हुई थी, लेकिन उसके बाद दोनों की हत्या की सूचना मिली। यहां आया तो पता चला कि छत पर सिकंदर ने मां और मेरी बहन को मार डाला। गांव के लोगों ने बताया कि 9 बजे के करीब पहले उसने पत्नी को सीमेंट के ईंट से मारा। जब मां बीच बचाव करने पहुंची तो छत पर ही उनकी भी लाठी डंडे पीटकर उसी ईंट से सिर कुचल दिया।