उत्तरप्रदेशवाराणसी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने विपक्ष पर साधा निशाना, कहा- एसआईआर को लेकर भ्रम फैला रही कांग्रेस By Pratibha Rajdar Last updated Jan 8, 2026 178 वाराणसी दौरे पर आए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस जानबूझकर भ्रम फैला रही है। एसआईआर पूरी तरह से चुनाव आयोग की प्रक्रिया है, लेकिन भाजपा एक जिम्मेदार राजनीतिक दल होने के नाते इसे लेकर धरातल पर जागरूकता फैला रही है।पंकज चौधरी ने कहा कि जो मतदाता सूची सामने आई है, उसकी भाजपा कार्यकर्ता स्वयं जांच कर रहे हैं। वोट कटने की शिकायतें गंभीर और चिंता का विषय हैं, इसलिए हर स्तर पर परीक्षण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस संवैधानिक प्रक्रिया को राजनीतिक रंग देने का प्रयास कर रही है।इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने मनरेगा योजना पर चर्चा करते हुए कहा कि वर्ष 2006 से लागू मनरेगा में कई खामियां थीं। अस्थायी सड़कों का निर्माण नहीं हो रहा था, गड्ढे खोदकर भरने जैसे काम हो रहे थे और आर्थिक-सामाजिक लाभ नहीं मिल पा रहा था। नकली जॉब कार्ड बनाए जा रहे थे और जांच की कोई समुचित व्यवस्था नहीं थी। उन्होंने आरोप लगाया कि तत्कालीन केंद्रीय मंत्री जयराम रमेश को कई बार सुधार के लिए पत्र लिखे गए, लेकिन यूपीए सरकार ने जानबूझकर आंखें मूंदे रखीं। मौजूदा सरकार ने मनरेगा में सुधार कर इसे भ्रष्टाचार के खिलाफ सर्जिकल स्ट्राइक बनाया है। पंकज चौधरी ने कहा कि अब मनरेगा के तहत जल संरक्षण जैसे स्थायी कार्य कराए जाएंगे। योजना को पीएम गति शक्ति मिशन से जोड़ा गया है। अधिनियम में बदलाव कर राज्यों को 60 दिन तक कार्य रोकने का अधिकार दिया गया है। साथ ही मजदूरी भुगतान को लेकर सख्त निर्देश हैं। 15 दिन में भुगतान नहीं होने पर ब्याज देना होगा। उन्होंने दावा किया कि यूपीए सरकार के मुकाबले मौजूदा सरकार ने मनरेगा पर चार गुना अधिक खर्च किया है, जिससे गांवों के विकास को नई दिशा मिलेगी। सपा द्वारा जारी किए गए पीडीए कैलेंडर पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि सपा खुद तय करे कि पीडीए का मतलब क्या है, क्योंकि वे आए दिन उसका अर्थ बदलते रहते हैं। अंत में उन्होंने दोहराया कि भाजपा सर्वसमाज की पार्टी है और बिना भेदभाव के काम कर रही है। समाचार 178 Share