भाई बना जल्लाद, बर्थडे पार्टी में जाने की जिद पर चाकुओं से गोदकर मारा
जूनी इंदौर के सैफी नगर में शुक्रवार देर रात एक 21 वर्षीय युवक की उसके ही मौसेरे भाई ने दोस्तों संग मिलकर चाकू से गोदकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी भाई समेत चार लोगों को हिरासत में ले लिया है। शहर के जूनी इंदौर थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक मामूली विवाद में एक युवक ने अपने मौसेरे भाई की दोस्तों के साथ मिलकर हत्या कर दी। घटना शुक्रवार देर रात सैफी नगर झोपड़ पट्टी की है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी समेत चार लोगों को हिरासत में ले लिया है।
क्या था पूरा मामला?
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान 21 वर्षीय दुर्गेश पंवार के रूप में हुई है, जो मूल रूप से खरगोन का रहने वाला था और इंदौर में फर्नीचर बनाने का काम करता था। एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि शुक्रवार रात दुर्गेश अपने मौसेरे भाई रोहित के साथ बैठकर शराब पी रहा था। इसी दौरान दुर्गेश ने एक दोस्त की जन्मदिन पार्टी में जाने की इच्छा जताई, जिस पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई।
गाली-गलौज बनी हत्या की वजह
विवाद इतना बढ़ा कि दुर्गेश ने रोहित को गाली दे दी। इस बात से रोहित इतना आगबबूला हुआ कि उसने तुरंत अपने दोस्तों को फोन कर बुला लिया। इसके बाद रोहित और उसके दोस्तों ने दुर्गेश पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल दुर्गेश को परिजन तुरंत अस्पताल ले गए, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिवार में मातम, पुलिस की जांच जारी
शनिवार को एमवाय अस्पताल में मृतक का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया। इस घटना के बाद से दुर्गेश के परिवार में मातम का माहौल है। बताया जा रहा है कि दुर्गेश के पिता का पहले ही देहांत हो चुका था और वह अपनी मां के साथ रहता था। जूनी इंदौर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी रोहित और उसके चार दोस्तों को हिरासत में ले लिया है और मामले की गहनता से जांच कर रही है।