सरकारी जमीन पर बनाई गई मस्जिद पर चला बुलडोजर, एक घंटे में जमींदोज हुआ अवैध निर्माण
बरेली के भोजीपुरा स्थित पिपरिया गांव में अवैध रूप से निर्मित मस्जिद पर सदर तहसील की टीम ने शनिवार को बुलडोजर चलाया। इस कार्रवाई में मस्जिद को जमीदोंज कर दिया गया है। एसडीएम सदर प्रमोद कुमार ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि यह मस्जिद राजस्व अभिलेखों में गाटा 1474 पर श्रेणी-5 की सरकारी बंजर भूमि पर बनी हुई थी। इस जमीन पर अवैध निर्माण कर कब्जा किया गया था। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि हाईकोर्ट के आदेशानुसार, इस अवैध ढांचे को ध्वस्त कर सरकारी जमीन को कब्जा मुक्त करा लिया गया है।
18 साल लंबी चली कानूनी जंग, बेदखली के बाद हुई कार्रवाई
एसडीएम प्रमोद कुमार के अनुसार, इस भूमि को लेकर कानूनी विवाद साल 2008 से ही चल रहा था। सबसे पहले तहसीलदार कोर्ट ने इस निर्माण को अवैध मानते हुए बेदखली के आदेश पारित किए थे। इसके बाद दूसरा पक्ष राहत के लिए सिविल कोर्ट गया, लेकिन वहां से भी उन्हें कोई राहत नहीं मिली और उनका मुकदमा खारिज कर दिया गया। जैसे ही अदालत की बाधाएं दूर हुईं, प्रशासन ने भारी पुलिस बल और पीएसी की मौजूदगी में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू कर दी।