दबंगों ने दलित का छप्पर फूंकाः लाठी-डंडे चले; 4 राउंड फायरिंग; 7 घायल, विधायक बोलीं- सख्त कार्रवाई हो
कानपुर में दबंगों ने दलित परिवार के घर के बाहर छप्पर में आग लगा दी। खौफ पैदा करने के लिए चार राउंड हवाई फायरिंग की। दरअसल, ट्रैक्टर निकालने के दौरान छप्पर टूट गया। इस पर दलित परिवार ने आपत्ति की। आरोप है कि कहासुनी के बाद दबंगों ने लाठी-डंडों से मारपीट की और फिर छप्पर में आग लगा दी। घटना कानपुर के सजेती थाना क्षेत्र के मढ़ापुर गांव की है। इस मारपीट में एक ही परिवार के पांच लोग घायल हुए हैं, जबकि बीच-बचाव करने पहुंचे दो पड़ोसी भी चोटिल हुए। जानकारी मिलने के बाद विधायक सरोज कुरील ने अस्प्ताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।
छप्पर से टकराई भूसे से लदी ट्रॉली
मढ़ापुर गांव के महेश के अनुसार, वह अपनी पत्नी भाग्यवती और बेटों शिवम्, कुलदीप व संदीप के साथ घर पर खाना खा रहे थे। इसी दौरान सरगांव ग्राम प्रधान का बेटा अभय ट्रैक्टर-ट्रॉली में भूसा लादकर वहां से गुजर रहा था।
आरोप है कि ट्रॉली घर के बाहर छप्पर से टकरा गई, जिससे छप्पर क्षतिग्रस्त हो गया। भाग्यवती ने टोका तो प्रधान के बेटे अभय से कहासुनी शुरू हो गई। मामला बढ़ता देख प्रधान के बेटे ने फोन कर कुछ साथियों को बुला लिया।
बताया जा रहा कि इन लोगों ने मिलकर विरोध कर रहे दलित परिवार के लोगों को लाठी-डंडों से पिटाई की और छप्पर में आग लगा दी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया- आरोपियों ने फरसे से भी हमला किया।
सात लोग घायल, एक को जिला अस्पताल रेफर
हमले में महेश के परिवार के पांच लोग घायल हुए। बीच-बचाव करने पहुंचे पड़ोसी ज्ञानेंद्र और गोलू भी चोटिल हो गए। फायरिंग की आवाज से गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची। घायलों को घाटमपुर सीएचसी भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद एक गंभीर घायल को कानपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
विधायक सरोज कुरील अस्पताल पहुंचीं, पुलिस से की बात
जानकारी होने पर घाटमपुर विधायक सरोज कुरील सीएचसी पहुंचीं। उन्होंने घायलों से मुलाकात की। इसके बाद पुलिस अधिकारियों से फोन पर बातचीत कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का निर्देश दिया। विधायक ने कहा कि उन्हें शादी समारोह के दौरान घटना की सूचना मिली, जिसके बाद वे तुरंत अस्पताल पहुंचीं। घायलों का आरोप है कि ग्राम प्रधान के बेटे ने साथियों के साथ मिलकर हमला किया।
डीसीपी पहुंचे गांव में, पुलिस फोर्स तैनात
छप्पर फूंके जाने की सूचना के बाद कानपुर डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटना की जानकारी ली। बताया- ट्रैक्टर निकालने को लेकर विवाद हुआ था। सूचना डायल 112 पर मिली थी।
उस समय दोनों पक्षों में समझौता करा दिया गया था। देर शाम फिर विवाद बढ़ा और छप्पर में आग लगाने की सूचना मिली। डीसीपी ने कहा कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। फिलहाल गांव में पुलिस बल तैनात है।