संदिग्ध परिस्थितियों में लड़की ने नहर में लगाई छलांग, ग्रामीणों ने बचाई जान
अमेठी जनपद के जामों थाना क्षेत्र अंतर्गत पूरे सुभाऊ कटारी गांव में शनिवार की शाम को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक लड़की ने संदिग्ध परिस्थितियों में नहर में छलांग लगा दी। लड़की को नहर में गिरते देख मौके पर मौजूद ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। बिना समय गंवाए कई ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए नहर में कूदकर लड़की को बाहर निकाला और उसकी जान बचाई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार लड़की अचानक नहर के किनारे पहुंची और देखते ही देखते नहर में कूद गई। लड़की के नहर में गिरते ही आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया और तत्काल बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास से लड़की को कुछ ही देर में नहर से बाहर निकाल लिया गया, लेकिन तब तक उसकी हालत गंभीर हो चुकी थी।
लड़की की स्थिति नाजुक देख स्थानीय लोगों ने तुरंत उसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भेजा। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां लड़की का इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही जामों थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है और यह जानने का प्रयास किया जा रहा है कि महिला ने नहर में छलांग क्यों लगाई। प्रारंभिक तौर पर मामला संदिग्ध परिस्थितियों का बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते महिला को नहर से बाहर न निकाला जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था। ग्रामीणों की सूझबूझ और साहस से महिला की जान बच गई। पुलिस का कहना है कि महिला के होश में आने के बाद उसके बयान दर्ज किए जाएंगे, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में चर्चा का माहौल बना हुआ है।