हिस्ट्रीशीटर पति ने फावड़ा मार कर पत्नी की कर दी बेरहमी हत्या, सामने आई खौफनाक वजह
चंदौली। सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र के बथवार गांव में मंगलवार सुबह क्षेत्र पंचायत सदस्य ने मामूली विवाद में पत्नी की फावड़े से हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया है। आरोपी हिस्ट्रीशीटर बताया जा रहा है। सूचना मिलने पर सीओ सकलडीहा स्नेहा तिवारी, कोतवाली पुलिस व कई अन्य थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। बताया गया कि सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र के बथवार गांव निवासी भगवानदास का अपनी पत्नी प्रेमकला देवी (30) से अक्सर विवाद होता रहता था।
मंगलवार सुबह दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इसी दौरान गुस्से में आकर भगवानदास ने घर में रखा फावड़ा उठाकर पत्नी के सिर पर दे मारा। जिससे प्रेमकला की मौके पर ही मौत हो गई। प्रेमकला की मौत होते ही भगवान दास भाग निकला। वहीं गांव में हत्या की खबर से अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने सूचना पुलिस को दी। सीओ सकलडीहा स्नेहा तिवारी ने बताया कि 112 नंबर के माध्यम से ग्राम बथवार में एक महिला की उसके पति द्वारा हत्या करने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचकर जांच की गई तो प्रथमदृष्टया मामला घरेलू विवाद का निकला।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं । आरोपी फरार हो गया। जिसकी गिरफ्तारी के लिए टीमें लगाई गई है। आरोपी के खिलाफ कई आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं। वह हिस्ट्रीशीटर बताया जा रहा है। परिजनों से तहरीर प्राप्त होने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।