कुल्लू में फिर भूस्खलन, चपेट में आए दो मकान, एक की मौत और तीन को बचाया; अभी कई लोग फंसे
कुल्लू जिला मुख्यालय के इनर अखाड़ा बाजार में मठ क्षेत्र से भूस्खलन में दो मकान आए हैं। एनडीआरएफ की टीम रेस्क्यू कर रही है। लेकिन लगातार बारिश होने से राहत व बचाव कार्य प्रभावित हो रहा है।हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में बारिश अब जानलेवा साबित हो रही है। तीन दिन के अंदर जिला मुख्यालय में भूस्खलन की चौथी घटना सामने आई है। गुरुवार सुबह भूस्खलन की चपेट में दो मकान और आ गए। एक की मौत हो गई है, जबकि तीन लोगों को बचा लिया गया है।
अभी कई लोग मलबे में दबे हैं। जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 7:30 बजे कुल्लू में भूस्खलन हुआ। मलबे के साथ भारी चट्टाने आ गिरी हैं। इसकी चपेट में आने से इनर अखाड़ा बाजार में दो घरों में नुकसान हुआ है। मौके पर एनडीआरएफ ने रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया है। अभी तक दो महिलाओं समेत तीन लोगों को बचाया गया है। सभी को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। जबकि एक मृतक को भी क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू लाया है। इसके अलावा एक महिला और पांच कश्मीरी मजदूर अभी भी घर के अंदर मलबे के नीचे फंसे हुए हैं। एडीसी कुल्लू अश्विनी कुमार और एसडीएम निशांत कुमार मौके पर मौजूद हैं।