अपराधउत्तरप्रदेशप्रतापगढ़ प्रतापगढ़ में होली पर हुड़दंग, राहगीरों से मारपीट:डीजे की धुन पर वाहनों में तोड़फोड़ By Pratibha Rajdar Last updated Mar 6, 2026 284 प्रतापगढ़ के कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के कटरा मेदनीगंज बाजार में होली के दिन बुधवार देर शाम कुछ युवकों ने जमकर हुड़दंग मचाया। डीजे की धुन पर नाचते हुए इन युवकों ने बाजार से गुजर रहे राहगीरों के साथ अभद्र व्यवहार किया और कई वाहनों में तोड़फोड़ की। इस दौरान एक अधेड़ व्यक्ति की पिटाई का वीडियो भी सामने आया है। जानकारी के अनुसार, युवकों ने मोटरसाइकिल और कार सवार लोगों को रोककर उनके साथ बदसलूकी की। इसी क्रम में जलालपुर निवासी सुधीर मिश्रा, जो दवा लेने जा रहे थे, उनकी गाड़ी में भी तोड़फोड़ की गई और उनके साथ मारपीट की गई। इस अचानक हुई घटना से बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना का एक वीडियो मोबाइल से बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया है। इस वीडियो में युवक डीजे की धुन पर नाचते हुए राहगीरों से अभद्रता करते और वाहनों में तोड़फोड़ करते साफ दिख रहे हैं। घायल सुधीर मिश्रा ने गुरुवार को कोतवाली देहात पुलिस को मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई है। अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी शैलेंद्र लाल ने बताया कि उन्हें वायरल वीडियो की जानकारी मिली है। उन्होंने मामले की जांच के आदेश दिए हैं और कहा है कि वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। 284 Share