सुल्तानपुर में पूर्व प्रधान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत:घर के पीछे टीन शेड में लटकता मिला शव
सुल्तानपुर के गोसाईगंज थाना क्षेत्र के अरवल कीरी करवत गांव में सोमवार सुबह पूर्व प्रधान हरिबंश वर्मा का शव उनके घर के पीछे हाते में फांसी के फंदे से लटका मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
हरिबंश वर्मा का शव घर के पीछे स्थित हाते में टिनशेड के नीचे बल्ली के सहारे गमछे से लटका हुआ पाया गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में शोक छा गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार, हरिबंश वर्मा पिछले करीब दो वर्षों से मानसिक बीमारी से पीड़ित थे। बीते छह माह से उनकी स्थिति अधिक खराब थी, जिसके चलते उन्होंने लोगों से बातचीत और मेलजोल बंद कर दिया था।
पुलिस कर रही मामले की जांच
सूचना पर क्षेत्राधिकारी सुनील सिंह, थानाध्यक्ष अखंड देव मिश्रा और चौकी इंचार्ज सुनील सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मौके का निरीक्षण किया और आवश्यक कार्रवाई की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक हरिबंश वर्मा अपने पीछे पत्नी दौलती देवी, पुत्र संदीप और विवाहित पुत्री सावित्री देवी को छोड़ गए हैं। घटना के बाद से परिजनों का बुरा हाल है।