महिला थाने की दारोगा 45 हजार की रिश्वत लेते रंगे हांथो हुई गिरफ्तार
गाजियाबाद जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मेरठ एंटी करप्शन टीम ने महिला थाने में तैनात दारोगा भुवनेश्वरी सिंह को 45 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। मामला दहेज उत्पीड़न के एक प्रकरण की जांच से जुड़ा हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी दारोगा भुवनेश्वरी सिंह महिला थाने की रिपोर्टिंग चौकी साहिबाबाद में तैनात है। आरोप है कि दहेज उत्पीड़न के एक मामले में नाम निकालने के एवज में वह शिकायतकर्ता से 45 हजार रुपये की रिश्वत मांग रही थी। पीड़ित की शिकायत पर मेरठ एंटी करप्शन टीम ने जाल बिछाकर यह कार्रवाई की।
टीम ने तय योजना के तहत जैसे ही महिला दारोगा ने रिश्वत की रकम ली, उसे मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया। कार्रवाई के बाद थाने में हड़कंप मच गया। फिलहाल आरोपी के खिलाफ साहिबाबाद थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।
गौरतलब है कि आरोपी दारोगा भुवनेश्वरी सिंह सितंबर माह में महिला थाना पुलिस द्वारा किए गए एक बदमाश के एनकाउंटर में शामिल टीम का भी हिस्सा रह चुकी है। मूल रूप से अलीगढ़ की रहने वाली दारोगा की गिरफ्तारी के बाद पुलिस विभाग में भी चर्चा का माहौल है।
एंटी करप्शन टीम का कहना है कि आरोपी के खिलाफ साक्ष्य जुटा लिए गए हैं और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। विभागीय स्तर पर भी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।