पलामू। झारखंड में विधानसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है। झारखंड में 13 और 20 नवंबर को दो चरण में मतदान होगा। मतगणना 23 नवंबर को होगी। विधानसभा चुनाव को लेकर। झारखंड का सियासी पारा हाई है। चुनाव प्रचार जोरों पर है। आरोप-प्रत्यारोप,दावों और वादों का सिलसिला जारी है।इसी कड़ी में असम के मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी झारखंड चुनाव सह-प्रभारी हिमंत बिस्वा सरमा ने बुधवार को बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा है कि भाजपा सत्ता में आई तो हुसैनाबाद जिला बनेगा। साथ ही इस जिले का नाम बदलकर राम या कृष्ण के नाम पर किया जाएगा।
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा अगर झारखंड में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनती है तो हुसैनाबाद प्रखंड को जिला बनाया जाएगा। साथ ही इसका नामकरण भगवान राम या कृष्ण के नाम पर होगा।सरमा ने एक और बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि सरकार बनने पर झारखंड से घुसपैठियों को बाहर निकालना भाजपा की प्राथमिकता होगी।
बता दें कि हिमंत बिस्वा सरमा ये बयान बुधवार को पलामू जिले में दिया है।सरमा जपला मैदान में हुसैनाबाद विधानसभा सीट से प्रत्याशी कमलेश सिंह के लिए चुनावी रैली को संबोधित करने पहुंचे थे। रैली को संबोधित करते हुए सरमा ने कहा कि बांग्लादेशी घुसपैठियों की वजह से झारखंड की डेमोग्राफी बदल रही है,मगर सरकार में बैठी झारखंड मुक्ति मोर्चा इस मामले पर चुप्पी साधे हुए है। इसकी वजह ये है कि बांग्लादेशी घुसपैठिए उनका वोट बैंक हैं। असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि सरकार बनने पर घुसपैठियों को राज्य से बाहर निकालना भाजपा की प्राथमिकता है।हम राज्य से बांग्लादेशी घुसपैठियों को निकालने के लिए एनआरसी लागू करेंगे।