रांची। झारखंड में विधानसभा चुनाव का बिगुल बज गया है। झारखंड की सभी राजनीतिक पार्टियां कमर कसकर चुनाव की तैयारी में जुट गई हैं। इसी क्रम में झारखंड मुक्ति मोर्चा ने तीसरी लिस्ट बुधवार को जारी की। इस लिस्ट में पांच प्रत्याशियों को उतारा गया है। गोमिया से योगेंद्र यादव, चक्रधरपुर से सुखराव उराव, खूंटी से स्नेहलता कन्डूलना, सिसई से जिगा सुसारण होरो और बिशुनुपुर से चमरा लिंडा सीट से प्रत्याशी बनाया गया है।बता दें कि चमरा लिंडा ने पिछले लोकसभा चुनाव में पार्टी से बगावत कर दी थी और लोहरदगा सीट से महागठबंधन के खिलाफ निर्दलीय चुनाव लड़ा था।
बता दें कि चमरा लिंडा ने साल 2009 में राष्ट्रीय कल्याण पक्ष की टिकट पर चुनाव लड़ा था और जीत हासिल की थी, लेकिन साल 2019 के विधानसभा चुनाव वह झारखंड मुक्ति मोर्चा की टिकट से लड़कर जीत हासिल की थी। लोकसभा चुनाव के दौरान प्रत्याशी नहीं बनाए से नाराज होकर लोहरदगा से निर्दलीय चुनाव लड़ा था,लेकिन विधानसभा चुनाव में हेमंत सोरेन ने फिर से चमरा लिंडा को बिशुनुपुर से प्रत्याशी बनाया है। लिंडा बिशुनुपुर से दो बार विधायक रह चुके हैं।
इससे पहले बुधवार दोपहर को झारखंड मुक्ति मोर्चा ने दूसरी लिस्ट जारी की थी।रांची विधानसभा सीट से राज्यसभा सांसद महुआ माजी को प्रत्याशी बनाया है।माजी जून 2022 में निर्विरोध राज्यसभा सदस्य चुनी गई थीं।माजी झारखंड राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष और झामुमो की महिला विंग की पूर्व अध्यक्ष रह चुकी हैं।
प्रत्याशी बनाये जाने के बाद महुआ माजी ने पार्टी नेतृत्व का आभार जताया।माजी ने एक्स पर लिखा कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन, झामुमो के कार्यकारी अध्य्क्ष हेमंत सोरेन, महागठबंधन के समस्त पदाधिकारियों को हार्दिक धन्यवाद जिन्होंने उन पर पुनः विश्वास जताया व रांची विधानसभा से प्रत्याशी बनाया।
भारतीय जनता पार्टी ने रांची से मौजूदा विधायक सीपी सिंह को प्रत्याशी बनाया है।रांची सीट पर अब सीपी सिंह और महुआ माजी के बीच मुकाबला होगा।इससे पहले भी महुआ माजी ने रांची विधानसभा सीट से साल 2014 और 2019 में इसी सीट से चुनाव लड़ा था,लेकिन पराजित हो गई थीं। इस बार फिर से माजी मैदान में हैं।हालांकि सूत्रों का कहना है कि माजी को टिकट दिए जाने से इंडिया का घटक दलों के बीच नाराजगी है।