मर गई मां की ममता, 95 हजार रुपये में कर दिया दुधमुंहे बेटे का सौदा
कौशांबी। मां की ममता एक बार फिर शर्मशार हुई है।उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले के पश्चिमशरीरा थाना क्षेत्र के खरौना गांव की एक कलयुगी मां ने अपने पांच माह के दुधमुंहे बच्चे का 95 हजार रुपये में सौदा कर दिया।मामले की शिकायत के बाद हरकत में आई पुलिस ने आननफानन मानव तस्करी का मुकदमा दर्ज कर महिला को गिरफ्तार किया।बच्चा भी बरामद कर लिया गया है।बच्चे की तस्करी में शामिल कुछ और लोगों को भी पुलिस ने पकड़ा है। खरौना के रहने वाले बृजेश कुमार ने बताया कि वह अपनी पत्नी ममता देवी और पांच माह के बेटे अभिमान गौतम के साथ प्रयागराज में रहकर प्राइवेट नौकरी करता था। बृजेश ने बताया कि 28 दिसंबर 2025 को ड्यूटी से लौटकर घर आया तो देखा कि पत्नी व बच्चा मौजूद नहीं थे।थोड़ी ही देर बाद पत्नी लौटकर आ गई,लेकिन वह बच्चे को साथ नहीं लाई। बच्चे के बाबत पूछताछ करने पर वह लगातार आनाकानी करती रही।
बृजेश कुमार ने बताया इससे बच्चे की तस्करी का शक हुआ। इस पर उसने बुधवार को मामले की शिकायत पश्चिमशरीरा पुलिस थाने में की।पुलिस ने प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए आनन-फानन में मानव तस्करी का मुकदमा दर्ज किया। थाना प्रभारी हरीश तिवारी का कहना है कि आरोपी महिला की गिरफ्तारी कर उसकी निशानदेही पर बच्चे को भी बरामद कर लिया गया है। बच्चा 95 हजार रुपये में एक नि: संतान व्यक्ति ने खरीदा था।तस्करी में शामिल लगभग सभी आरोपी पकड़ लिए गए हैं। मुकदमे में नाम प्रकाश में लाकर समस्त आरोपियों का चालान किया जाएगा।