नितिन नवीन बने BJP के सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष, मोदी-शाह के सामने हुई ताजपोशी
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के नेता नितिन नवीन ने निर्विरोध जीत दर्ज करके बीजेपी की कमान संभाल ली है। नितिन नवीन बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बन चुके हैं। आज सुबह दिल्ली के कई मंदिरों में माथा टेकने के बाद नितिन नवीन ने बीजेपी मुख्यालय का रुख किया। नितिन नवीन ने अपना पदभार ग्रहण कर लिया है। नई दिल्ली स्थित बीजेपी के मुख्यालय में वरिष्ठ नेताओं का जमावड़ा लगा है। नितिन नवीन की ताजपोशी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्र राजनाथ सिंह समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्री भी शामिल हैं।
कई दिग्गज नेता मौजूद
गृह मंत्री अमित शाह, पूर्व अध्यक्ष जेपी नड्डा और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह बीजेपी मुख्यालय पहुंच चुके हैं। इसके अलावा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राजस्थान के सीएम भजनलाल शर्मा, विदेश मंत्री एस.जयशंकर, केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी भी बीजेपी मुख्यालय पर मौजूद हैं।
मंच पर पहुंचे पीएम मोदी
पीएम मोदी नितिन नवीन के साथ मंच पर पहुंचे हैं। पूर्व अध्यक्ष जेपी नड्डा, अमित शाह, राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी और शिवराज सिंह चौहान भी मंच पर मौजूद हैं।
बीजेपी मुख्यालय पहुंचे नितिन नवीन
बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष का पदग्रहण करने से पहले नितिन नवीन भी बीजेपी मुख्यालय पहुंच चुके हैं। उनकी ताजपोशी से पहले कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है।