प्रतापगढ़: कपड़ा दुकानदार ने दुष्कर्म कर किशोरी को दिल्ली में बेचा,गिरफ्तार आरोपित पर पुलिस कस्टडी में हमले का प्रयास
प्रतापगढ़। जिले के पट्टी कस्बे का कपड़ा दुकानदार गुलजार पट्टी के एक गांव की 17 वर्षीय किशोरी को बहला-फुसलाकर एक माह पूर्व दिल्ली ले गया। वहां उससे दुष्कर्म करने के बाद उसे बेच दिया। खरीदने वाले ने भी उसकी आबरू कई बार लूटी।
लड़की बरामद, आरोपित गिरफ्तार
किसी तरह पुलिस द्वारा लड़की को बरामद करके आरोपित को पकड़ा गया। किशोरी के बयान से खलबली मच गई। पुलिस ने आरोपित का नाम पाक्सो, दुष्कर्म व सौदा करने के केस में शामिल करके उसकी दुकान को सीज कर दिया। उसकी दुकान के शेड को बुलडोजर से गिरवा दिया।
आरोपित पर हमले के प्रयास का वीडियो प्रसारित
इधर मेडिकल कराने के दौरान हिंदू संगठनों ने पुलिस से धक्का-मुक्की करते हुए आरोपित पर हमले का प्रयास किया। इसका वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। हालांकि दैनिक जागरण प्रसारित वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता।
क्या बोले पुलिस अधीक्षक?
इस संबंध में प्रतापगढ़ के पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर का कहना है कि आरोपित के खिलाफ कार्रवई की जा रही है। पुलिस से भिड़कर आरोपित पर हमला करने का प्रयास संज्ञान में आया है। इसकी भी जांच की जा रही है।