मासूम को दी खौफनाक सजा; कचरा उठवाने से लेकर पिटाई और धमकी तक, स्कूल में बच्चों पर जुल्म ढा रही थी
वैन ड्राइवर अजय ने पुलिस पूछताछ में बताया है कि स्कूल की संचालक और प्रिंसिपल रेणु बच्चों के साथ बहुत सख्ती से पेश आती थी। वह कभी खुद पिटाई करती थी तो कभी औरों से करवाती थी। पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि रेणु बच्चों से कचरा भी उठवाती थी। जो बच्चा मना करता, उसकी पिटाई करती। हरियाणा के पानीपत के सृजन पब्लिक स्कूल में कक्षा दो के मासूम को उल्टा लटकाने के मामले में पुलिस ने स्कूल के वैन चालक अजय (24) और प्रधानाचार्य रेणु (44) को गिरफ्तार कर लिया। दोनों को सोमवार शाम कोर्ट ने दो दिन के रिमांड पर पुलिस को सौंपा दिया। विशेष जांच दल (एसआईटी) मामले की पड़ताल कर रहा है। अजय ने पुलिस को बताया कि उसने बच्चे को रेणु के कहने पर लटकाया था।
उसे बर्बरता से पीटा भी था। स्कूल रेणु का ही है। राज्य के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने मामले की रिपोर्ट तलब की है। जिला शिक्षा अधिकारी राकेश बूरा ने बताया कि बगैर मान्यता के चल रहे स्कूल को सील कर दिया है। एसपी भूपेंद्र सिंह ने बताया कि बच्चे की मां की तहरीर पर पहले केस अजय के खिलाफ ही दर्ज किया गया था। पूछताछ में उसने बताया कि रेणु ने ही उसे होमवर्क नहीं करने पर बच्चे को उल्टा लटकाने को कहा था। अजय ने इसका वीडियो बना लिया। रेणु को जब लगा कि वह फंस सकती है, तो उसे नौकरी से निकाल दिया। इससे नाराज होकर अजय ने वीडियो वायरल कर दिया। पुलिस ने बंधक बनाने व धमकी देने समेत कई आरोपों में मामला दर्ज किया है, जिसमें तीन साल तक की सजा संभव है।
वैन ड्राइवर अजय ने पुलिस पूछताछ में बताया है कि स्कूल की संचालक और प्रिंसिपल रेणु बच्चों के साथ बहुत सख्ती से पेश आती थी। वह कभी खुद पिटाई करती थी तो कभी औरों से करवाती थी। पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि रेणु बच्चों से कचरा भी उठवाती थी। जो बच्चा मना करता, उसकी पिटाई करती। पिटाई के शिकार दो और बच्चों के परिजनों ने रेणु के खिलाफ तहरीर दे दी है। पुलिस को कुछ वीडियो भी मिल गए हैं। एक वीडियो में स्कूल की वैन चालक अजय बच्चे को उल्टा लटकाए हुए है। दूसरे वीडियो में रेणु बच्चों को पीट रही है। इसके अलावा अजय से की गई पूछताछ में भी पुलिस को इसकी जानकारी मिली है। अजय ने बताया है कि एक बार रेणु बच्चों को पीट रही थी। उसी समय उसने मोबाइल से वीडियो बना लिया। इसके बारे में रेणु को बताया नहीं था। रेणु ने बुलाकर कहा था कि बच्चे को सबक सिखाओ।