यूपी में सपा का प्रदर्शन; अलीगढ़ में DSP से धक्का-मुक्की,सांसद सुमन पर हमले के विरोध में लखनऊ में कलेक्ट्रेट का तोड़ा गेट
राणा सांगा को गद्दार कहने वाले सपा सांसद रामजीलाल सुमन पर हमले के विरोध में यूपी में सपा कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए हैं। अलीगढ़ में सपा कार्यकर्ताओं की पुलिस से झड़प हो गई। जमकर खींचतान हुई। सपाइयों ने DSP से धक्का-मुक्की की। साथी पुलिसकर्मियों ने उन्हें संभाला।
लखनऊ में भी सपा कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया। कलेक्ट्रेट का गेट तोड़ दिया। पुलिस ने रोकने की कोशिश की तो भिड़ गए। आगरा में सपा कार्यकर्ताओं ने डीएम ऑफिस को घेर लिया। सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कहा- करणी सेना के खिलाफ प्रशासन को कड़ा एक्शन लेना चाहिए, नहीं तो हम उग्र प्रदर्शन करेंगे।
बरेली में सपा विधायक अता उर रहमान ने कहा- भाजपा दलितों, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों की दुश्मन है। दलितों को घोड़े पर नहीं बैठने दिया जाता। उन्हें मूंछ नहीं रखने दी जाती। मुसलमानों को जेलों में डाला जा रहा है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव ने जातियों को जागरूक किया, इसलिए तो धर्म पूछकर मारा गया।
मुरादाबाद में सपा पूर्व सांसद एसटी हसन ने कहा…
दलित उत्पीड़न लगातार बढ़ गया है। एक सांसद पर हमला किया जा रहा है। क्या, ये कानून व्यवस्था है। आखिर हिंदुस्तान कब तक बर्दाश्त करेगा।
27 अप्रैल को अलीगढ़ में रामजीलाल सुमन के काफिले पर हमला हुआ था। सपा सांसद 20 गाड़ियों के काफिले के साथ आगरा से बुलंदशहर जा रहे थे। गभाना टोल प्लाजा से पहले क्षत्रिय समाज के युवक अचानक हाईवे पर आ गए। काफिले पर टायर और पत्थर फेंकने लगे। हमले के बाद समर्थकों और पुलिसकर्मियों ने रामजीलाल को सुरक्षा घेरे में ले लिया।