राजस्थान भीषण सड़क हादसा: एक ही परिवार के चार लोगों की मौत, तीन अन्य घायल By Khulasa India News Desk Last updated May 2, 2025 201 जयपुर। राजस्थान के पाली जिले में सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि हादसा सुमेरपुर सदर थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार और शुक्रवार की दरमियानी रात करीब सवा तीन बजे ब्यावर-पिंडवाड़ा राजमार्ग पर जाखा नगर बाईपास पर हुआ। थाना प्रभारी भगाराम ने बताया कि मुंबई की तरफ से आ रही एक कार सड़क किनारे खड़े ट्रैलर से जा टकराई। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार चार लोगों की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान सुरेश रावल, उनकी पत्नी सीता व बेटे प्रह्लाद (14) तथा एक रिश्तेदार विष्णु के रूप में हुई है। थाना प्रभारी ने बताया कि ये लोग जिले के डायलाना कलां गांव लौट रहे थे। उन्होंने बताया कि हादसे में घायल अनिता, दिया और हर्षिता का उपचार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि हादसा संभवत: कार चालक को झपकी आने के कारण हुआ और मामले की जांच की जा रही है। समाचार 201 Share