पत्नी पर अवैध संबंध का शक, फावड़े से हत्या कर पति पुलिस से बोला- ‘लाश घर में पड़ी है, आकर ले जाओ ‘
गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में खजनी थाना क्षेत्र के धाधुपार गांव में मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। 44 वर्षीय अशोक निषाद ने अपनी 40 वर्षीय पत्नी नीलम देवी पर अवैध संबंध का शक होने के बाद फावड़े से उनका गला काटकर हत्या कर दी। विरोध करने पर बेटे को भी मारने की कोशिश की लेकिन बाद में खुद आरोपी ने पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दे दी।
क्या है पूरा मामला
3 मार्च की देर रात करीब 1 बजे अशोक निषाद ने सबसे पहले कुल्हाड़ी से पत्नी पर हमला किया। इसके बाद बगल में रखे फावड़े से नीलम देवी का गला काट दिया। चारों ओर खून बिखर गया। 17 वर्षीय बेटा सूरज मां की चीख सुनकर दौड़ा तो आरोपी ने उसे भी फावड़ा लेकर पीछा किया। सूरज किसी तरह भाग निकला और नाना राजेंद्र निषाद को सूचना दी।
परिवार की स्थिति और पुराना विवाद
अशोक निषाद और नीलम देवी की शादी करीब 20 साल पहले हुई थी। दंपति के दो बच्चे हैं, बेटा सूरज (17) और बेटी सृष्टि (14)। ग्रामीणों के अनुसार पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। अशोक को पत्नी पर अवैध संबंध का शक था, जिसके चलते यह घटना हुई। मां की मौत के बाद दोनों बच्चे सदमे में हैं। बेटा सूरज ने बताया, छोटे-मोटे विवाद तो होते रहते थे लेकिन उस रात कुछ खास नहीं हुआ था। फिर भी पापा ने मां की हत्या कर दी।
आरोपी का सरेंडर
हत्याकांड के तुरंत बाद अशोक निषाद ने खुद पुलिस को फोन कर कहा, पत्नी की लाश घर में पड़ी है। गोरखपुर पुलिस मौके पर पहुंची तो आरोपी लाश के पास ही बैठा था। खजनी थाने की पुलिस ने फावड़े सहित आरोपी को हिरासत में ले लिया। मौके से साक्ष्य जुटाए गए और शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है।