झोलाछाप डॉक्टर ने घर में घुसकर रेप किया,लोगों ने हाथ-पैर बांधकर पीटा; 2 पत्नियों के साथ रहता है आरोपी
कुशीनगर में रेप के आरोप में एक झोलाछाप डॉक्टर की लोगों ने जमकर पिटाई कर दी। आरोप है कि वह एक महिला के घर में घुस गया, उससे छेड़छाड़ की और धमकाकर रेप किया। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया। इसके बाद उसकी पिटाई की गई और साड़ी से उसके हाथ-पैर बांधकर सड़क पर लिटा दिया गया। घटना हनुमानगंज थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पिटाई और बंधक बनाने का वीडियो भी सामने आया है।
जानिए पूरा मामला…
पीड़ित महिला ने बताया- उसके दो बच्चे – एक 5 साल और एक 10 साल के हैं। पति हैदराबाद कमाते हैं। गुरुवार रात में वह अपने बच्चों के साथ सो रही थी। रात करीब 11 बजे गांव का झोलाछाप डॉक्टर दिनेश मद्धेशिया घर के पीछे के दरवाजे पर पहुंचा और खटखटाने लगा।
महिला ने बताया कि वह जैसे ही दरवाजा खोली, आरोपी ने उसे धक्का दिया और और अंदर घर में घुस गया। घर में वह मुझसे जबरदस्ती करने लगा। शोर मचाने पर गला दबाकर मारने की कोशिश की। पीड़िता के अनुसार, आरोपी ने रेप किया। किसी तरह उसे धक्का देकर वह भागी। बच्चों को जगाया। और चिल्लाकर लोगों को बुला लिया।
गांव के लोगों ने पकड़कर बांधा
महिला की आवाज सुनकर गांव के लोग दौड़े पहुंचे। लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया। उसकी जमकर पिटाई करने के बाद सड़क पर लाकर उसे साड़ी से बांध दिया। पीड़िता ने भी आरोपी को कई थप्पड़ मारे। गांव की महिलाओं ने भी उसकी पिटाई की।
देखते ही देखते काफी संख्या में लोग जुट गए थे। लोगों ने पुलिस को भी सूचना दी। करीब एक घंटे बाद पुलिस पहुंची। पुलिस ने लोगों से आरोपी को छुड़ाया और हिरासत में ले लिया।
पीड़िता के अनुसार, आरोपी पहले भी कई बार गलत इरादे से घर में घुस चुका था। करीब तीन-चार साल पहले भी ऐसी ही एक घटना हुई थी, लेकिन तब गांव के लोगों ने समझौता करा दिया था। गांव वालों के अनुसार, आरोपी ने दो शादियां की हैं। दोनों पत्नियों साथ रहती हैं। दोनों से उसके छह बच्चे हैं। वह गांव में एक क्लिनिक खोल रखा है लेकिन उसके पास कोई मेडिकल डिग्री नहीं है।
थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया महिला की तहरीर पर आरोपी पर मुकदमा दर्ज किया गया है। महिला को मेडिकल के लिए भेजा जा रहा। दोनों पक्षों के बीच पहले भी विवाद हुआ था। जिसमें समझौता हो गया था, लेकिन इस बार कानूनी कार्रवाई की जा रही है।