प्रतापगढ़ में दर्दनाक हादसा, चिकित्सक के बेटे की सई नदी में डूबने से मौत, बड़े भाई व दोस्तों संग गया था नहाने
प्रतापगढ़। जिले में दर्दनाक हादसा हुआ। भाई और दोस्तों संग सई नदी में नहाने गए किशोर की डूबने से मौत हो गई। गहरे पानी में जाने से हादसा हुआ। वह चिकित्सक का पुत्र था। इस हादसे से किशोर के परिवार के लोग सदमे में हैं।
दीवानगंज पिता के पास गया था किशोर
दीवानगंज क्षेत्र के दिलीपपुर सरखेलपुर गांव निवासी आजाद अली चिकित्सक हैं। उनकी प्रेमनगर जामताली में प्राइवेट क्लीनिक है। उनका 15 वर्षीय पुत्र सादान अली मंगलवार दोपहर पिता के पास प्रेमनगर जामताली आया था। वहां से वह अपने बड़े भाई सोहेल और दो अन्य दोस्तों के साथ जामताली पुल के पास स्थित सई नदी में नहाने चला गया।
गहरे पानी में जाने से हादसा
बताया जाता है कि नहाते समय सादान सई नदी के गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। यह देख भाई व उसके दोस्तों ने शोर मचाया। वहां पहुंचे ग्रामीणों ने नदी में उसकी खोजबीन शुरू की। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद नटका वीर बाबा घाट से लगभग 500 मीटर दूर सादान को खोजकर बाहर निकाला गया।
गमगीन हैं परिवार के लोग
इस दौरान सादान के परिवार के सदस्य भी वहां पहुंच गए थे। उन्होंने फौरन उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। वहां चिकित्सक ने सादान को मृत घोषित कर दिया। मौत से परिवार के लोगों की आंखों से आंसू नहीं रुक रहे हैं।