ट्रिपल मर्डर: एक ही परिवार के तीन बुजुर्गों का कत्ल; पहले दौड़ाया फिर धारदार हथियार से काट डाला
यूपी के प्रयागराज जिले में एक बार फिर सामूहिक हत्याकांड की घटना ने सनसनी फैला दी है। यमुनानगर के मेजा थाना इलाके के कुकुरकटवा गांव में एक ही परिवार के तीन बुजुर्ग सदस्यों की देर रात नृशंस हत्या कर दी गई। मंगलवार सुबह जब घटना का पता चला तो ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई और मातम पसर गया। मिली जानकारी के अनुसार, यह वारदात सोमवार देर रात करीब 1 बजकर 30 मिनट के आसपास हुई। मृतकों में दो महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं, जो एक ही परिवार के थे। प्रथम दृष्टया, बदमाशों ने धारदार हथियार से हमला किया और फिर पीट-पीट कर हत्या की। घटनास्थल की स्थिति से पता चला कि पीड़ितों को दौड़ा-दौड़ा कर मारा गया था।
घटना की सूचना मिलते ही प्रयागराज पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आनन-फानन पुलिस की टीम, फॉरेंसिक विशेषज्ञों और डॉग स्क्वॉड के साथ मौके पर पहुंची और गहन छानबीन शुरू कर दी। पुलिस सूत्रों के अनुसार, तीनों बुजुर्गों की सोते वक्त हत्या की गई। मृतकों की पहचान अमरावती देवी पत्नी नींबूलाल (65), इंद्रावती देवी पत्नी दूधनाथ (62) और श्याम लाल पुत्र गुलजार (65) के रूप में हुई है। चौंकाने वाली बात यह है कि तीनों के शव उनके घर से लगभग 20 मीटर की दूरी पर मिले हैं। इस भयावह घटना ने कुकुरकटवा गांव को झकझोर कर रख दिया है।