प्रतापगढ़ में गुटखा विवाद पर युवक की पिटाई: दबंगों ने 20 सेकेंड में लात-घूंसों और डंडों से पीटा
प्रतापगढ़ शहर के सदर मोड़ पर मंगलवार शाम गुटखा खरीदने को लेकर हुए विवाद में एक युवक की पिटाई की गई। दबंगों ने करीब 20 सेकंड के भीतर युवक को बांस के डंडे और लात-घूंसों से पीटा। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है।
जानकारी के अनुसार, सदर बाजार मोहल्ले का एक युवक शाम को चौराहे के पास पान की दुकान पर खड़ा था। तभी बाइक से दो युवक वहां गुटखा लेने पहुंचे। किसी बात को लेकर उनके बीच कहासुनी शुरू हुई, जो जल्द ही मारपीट में बदल गई। आरोप है कि दोनों हमलावरों ने युवक को जमीन पर गिराकर पहले बांस के डंडे से कई वार किए और फिर लातों से उसकी पिटाई की।
स्थानीय लोगों ने तत्काल डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक हमलावर वहां से भाग चुके थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने आरोप लगाया कि हमलावर पुलिस के सामने से ही निकल गए, लेकिन उन्हें पकड़ने का कोई प्रयास नहीं किया गया, जिससे लोगों में नाराजगी देखी गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है।