पहलगाम आतंकी हमले का मास्टरमाइंड हाशिम मूसा ढेर, कानपुर के पीड़ित परिवार ने कहा-मिला सच्चा तर्पण
कानपुर: जम्मू-कश्मीर के बडगाम जिले में सुरक्षाबलों ने एक बड़े ऑपरेशन में लश्कर-ए-तैयबा के टॉप कमांडर हाशिम मूसा को ढेर कर दिया है। यूसमर्ग के पहाड़ी और जंगली इलाके में पाकिस्तानी आतंकियों की मौजूदगी की पुख्ता खबर मिलने के बाद घेराबंदी की गई थी। खुद को घिरता देख आतंकियों ने अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके जवाब में हुई भीषण मुठभेड़ में यह खूंखार आतंकी मारा गया।
शहीदों की आत्मा को मिली शांति
पहलगाम आतंकी हमले में जान गंवाने वाले कानपुर के शुभम द्विवेदी की पत्नी ऐशान्यां द्विवेदी ने सुरक्षाबलों के इस पराक्रम की जमकर सराहना की है। ऐशान्यां ने कहा कि ऑपरेशन सिन्दूर के तहत इस मास्टरमाइंड को न्यूट्रलाइज़ करना बहुत बड़ी कामयाबी है, इस कार्रवाई से हमले में मारे गए 26 बेकसूर लोगों के पीड़ित परिवारों को बहुत राहत मिली है। ऐशान्यां ने भावुक होकर कहा कि आज उन सभी निर्दोष मृतकों की आत्मा को सही मायनों में शांति मिली होगी।
पितृपक्ष में मिला सच्चा तर्पण,भारतीय सेना के शौर्य को सलाम
धार्मिक महत्व का जिक्र करते हुए ऐशान्यां द्विवेदी ने कहा कि इस समय देश में पितृपक्ष चल रहा है, जिसमें दिवंगतों को याद कर तर्पण दिया जाता है। ऐशान्यां ने कहा कि पीड़ित परिवार के रूप में वे जल अर्पण कर रहे हैं, लेकिन देश और सेना ने मुख्य साजिशकर्ता को ढेर कर शहीदों को सच्चा तर्पण दिया है। बता दें कि इस आतंकी हमले में कानपुर के युवा शुभम समेत 26 लोगों की जान चली गई थी। तभी से भारतीय सुरक्षा बल इस जघन्य कांड में शामिल हर एक आतंकी की तलाश में जुटे हुए थे।
सितंबर में 5 आतंकी ढेर,घाटी में लश्कर के नेटवर्क पर करारा प्रहार
भारतीय सेना, सीआरपीएफ और जम्मू-कश्मीर पुलिस के इस संयुक्त ऑपरेशन ने आतंकी नेटवर्क को हिलाकर रख दिया है। घाटी में आतंकवाद विरोधी अभियानों को तेज करते हुए सुरक्षाबलों ने अकेले सितंबर महीने में ही 5 आतंकियों को मार गिराया है। बडगाम में हाशिम मूसा का मारा जाना लश्कर-ए-तैयबा के लिए अब तक का सबसे बड़ा झटका माना जा रहा है, इलाके में अब भी तलाशी अभियान जारी है। ताकि छिपे हुए अन्य आतंकियों का सफाया किया जा सके।