घायल नर्सिंग अधीक्षक राजस्थान अस्पताल से घर लौट रहे नर्सिंग अधीक्षक पर दिनदहाड़े हमला, बदमाशों ने लाठी-डंडों से पीट पीटकर किया घायल By Khulasa India News Desk Last updated Feb 9, 2025 116 राजस्थान के दौसा शहर में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि दिनदहाड़े वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। रविवार सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे जिला अस्पताल से पैदल घर जा रहे नर्सिंग अधीक्षक धर्मीलाल मीना पर बाइक पर आए पांच-छह बदमाशों ने लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इससे उनके सिर में चोट आई तथा हाथों में फ्रैक्चर हो गया। जिला अस्पताल में उनका उपचार किया गया। वहीं पुलिस ने अपराधियों की तलाश शुरू की। आसपास के इलाकों व अभय कमाण्ड में सीसीटीवी फुटेज देखे गए। नाकाबंदी कर आरोपियों की तलाश की गई। यह वारदात अस्पताल से निकलते ही लालसोट रोड पर हुई। हमले के दौरान अधीक्षक के चिल्लाने पर आसपास से लोग पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो गए। अधीक्षक ने एक-डेढ़ माह पूर्व ही जिला अस्पताल में कार्यभार संभाला है तथा समीप ही रामनगर में रहते हैं। घटना से नर्सिंगकर्मियों में रोष व्याप्त हो गया। नर्सिंग अधिकारी कमलेश मीना ने बताया कि पुलिस ने शीघ्र आरोपियों को नहीं पकड़ा तो आंदोलन किया जाएगा। पीड़ित ने बताया कि वह 11 बजे ड्यूटी से घर लौट रहा था। जियो पेट्रोल पंप के समीप दो बाइक पर आए युवकों ने सरिया और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। उन्होंने बताया कि किसी से कोई झगड़ा या विवाद नहीं है। ऐसे में मारपीट करने वालों व उद्देश्य के बारे में जानकारी नहीं है। वहीं घटना के बाद अस्पताल में लोग घटना के कारणों को लेकर कयास लगाते रहे। ड्यूटी लगाने को लेकर भी किसी की नाराजगी होने पर हमला कराए जाने की बात चर्चा में आई, हालांकि पुलिस अभी कारणों के बारे में नहीं बता रही है। कोतवाली थाना प्रभारी सुधीर उपाध्याय ने बताया कि नर्सिंग अधीक्षक पर घर जाते वक्त अस्पताल के समीप ही लालसोट रोड पर दो बाइक पर आए पांच-छह लड़कों ने हमला किया। आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें जुटी हुई हैं। अपराध 116 Share