उत्तराखंड दुकान के विवाद में पिता-पुत्र की गोली मारकर हत्या By Khulasa India News Desk Last updated Apr 28, 2025 159 रुद्रपुर। गल्ला मंडी में दुकान के विवाद में पिता-पुत्र की गोली मार कर हत्या कर दी गई। हत्यारों की तलाश में पुलिस और एसओजी जुटी हुई है। ईश्वर कॉलोनी निवासी 62 वर्षीय गुरमेज सिंह ने पांच साल पहले मॉडल कॉलोनी निवासी अवधेश सलूजा से गल्ला मंडी में किराए में दुकान ली थी। इस बीच अवधेश ने दुकान 50 लाख रुपये लोन के एवज में ग्रामीण बैंक में गिरवी रख दी थी, जिसे वह छुड़वा नहीं पाया। जिस पर ग्रामीण बैंक ने उसकी नीलामी कर दी। जिसे गुरमेज सिंह ने 48 लाख में सितंबर 2024 में नीलामी में खरीद लिया था। तब से अवधेश गुरमेज सिंह से रंजिश रखने लगा था। दुकान पर कब्जा करने के लिए अवधेश ने कोर्ट में केस भी किया था। जिसे कुछ दिन पहले वह हार गया था। जेसीबी से दीवार तोड़ने की फुटेज सीसीटीवी में देखी बताया जा रहा है कि रविवार रात गुरमेज सिंह दुकान बंद कर घर चले गए। रात 2:12 बजे उनके बड़े पुत्र सुरेंद्र सिंह के मोबाइल पर कॉल आई कि उनकी दुकान के बाहर कुछ संदिग्ध गतिविधि चल रही है। जब सुरेंद्र ने सीसीटीवी में देखा तो अवधेश सलूजा और उसका भाई दिनेश सलूजा जेसीबी से दुकान की दीवार तोड़ रहे थे। साथ ही ट्रैक्टर ट्रॉली में 15 से अधिक लोग थे। देखते ही लोगों ने कर दी फायरिंग इस पर सुरेंद्र सिंह अपने पिता गुरमेज सिंह और छोटे भाई 26 वर्षीय मनप्रीत सिंह के साथ दुकान पहुंच गए। तीनों पिता-पुत्रों को देख उन्होंने सीधे फायर करना शुरू कर दिया। हमले में गोली लगने से मनप्रीत सिंह व गुरमेज सिंह की मौत हो गई। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग एकत्र हुए तो आरोपित फरार हो गए। सूचना पर एसएसपी मणिकांत मिश्रा, एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी, कोतवाल मनोज रतूड़ी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। शव पोस्टमार्टम को भेज पुलिस टीमें दबिश में लगी हैं। अपराध 159 Share