कांग्रेस MLA ने फेंका माइक और कुर्सियां, BJP बोली- सत्ता के भूखे ये लोग गुंडागर्दी पर उतारू हैं
उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले के ऐतिहासिक जौलजीबी मेले में शनिवार (14 नवंबर) को जबरदस्त हंगामा देखने को मिला. यहां धारचूला विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक हरीश सिंह धामी माइक बंद किए जाने को लेकर भड़क गए। फिर क्या था उन्होंने माइक फेंक दिया और साउंड स्टाफ के साथ अभद्र व्यवहार किया। इस पूरी घटना कावीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वहीं इस मुद्दे को लेकर सियासत भी शुरू हो गई है। बीजेपी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है।
बीजेपी ने सोशल मीडिया पर इस पूरी घटना का वीडियो शेयर किया है। पार्टी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा किसत्ता के भूखे ये कांग्रेसी गुंडागर्दी पर उतारू हैं। मंच से जनता के सामने गाली दे रहे हैं, माइक फेंक रहे हैं, अपशब्द बोल रहे है। पार्टी ने कहा कि कांग्रेस विधायक हरीश धामी का यह व्यवहार इसका जीता जागता सबूत है। कांग्रेस को यह ध्यान कर लेना चाहिए कि लोकतंत्र में जनता ही सर्वोपरि है, वह सब देख रही है और समय आने पर इसका उचित जवाब जरूर देगी।
कांग्रेस विधायक ने किया हंगामा
दरअसल उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में भारत-नेपाल सीमा पर आयोजित ऐतिहासिक जौलजीबी मेले के उद्घाटन समारोह में शनिवार को जमकर बवाल हुआ। धारचूला से कांग्रेस विधायक हरीश सिंह धामी ने मंच पर ऐसा हंगामा किया कि कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। विधायक ने माइक फेंक दिया, कुर्सियां उठाकर फेंकीं और साउंड सिस्टम से जुड़े कर्मचारियों के साथ भी तीखी झड़प हुई। उन्होंने साउंड ऑपरेटर को मारने की कोशिश की।
माइक बंद करने का लगाया आरोप
विधायक हरीश धामी उस समय अपना आपा खो बैठे, जब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मौजूदगी वाला मुख्य कार्यक्रम समाप्त हो गया और मुख्यमंत्री वहां से चले गए। इसके बाद कांग्रेस विधायक अपने समर्थकों के साथ मंच पर चढ़ गए लेकिन उन्हें अपनी बात रखने का मौका नहीं मिला। हरीश धामी का आरोप है कि जौलजीबी मेले में उन्हें अध्यक्षता की जिम्मेदारी तो दी गई, लेकिन उनका माइक बंद कर दिया गया और उन्हें बोलने से रोका गया। इसी बात को लेकर वह भड़क गए और अपना आपा खो बैठे। वहीं उनके समर्थक भी हंगामे में शामिल हो गए। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने स्थिति संभालने की कोशिश की।
सीएम धामी को दी चुनौती
हंगामे के दौरान विधायक ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने उन्हें डरपोक और भगोड़ा बताते हुए धारचूला विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने की चुनौती दी। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार साल 2022 के उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में किए गए वादों को पूरा करने में विफल रही है।