नकली पुलिस बनकर लूटने वाले बदमाशों का असली पुलिस से सामना, ईरानी गैंग के दो लुटेरों को किया गिरफ्तार, दोनों मुठभेड़ में घायल…
बांदा। यूपी के बांदा पुलिस ने अंतर्राज्यीय ईरानी गैंग के दो लुटेरों को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। इस दौरान दोनों बदमाश के पैर में गोली लगी, जिससे दोनों घायल हो गया। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों लुटेरे मध्य प्रदेश के रहने वाले हैं, जो फर्जी पुलिस बनकर लोगों से लूट, छिनैती, चोरी व टप्पेबाजी जैसी घटनाओं को अंजाम देते थे। पुलिस ने इसके पास से लूटे गए जेवरात, पुलिस आई कार्ड, दो तमंचे व कारतूस बरामद किए है।
जानकारी के मुताबिक कुछ दिन पहले बांदा में एक महिला के साथ दो बदमाशों ने टप्पेबाजी की थी। इसके बाद पुलिस बदमाशों की तलाश में जुट गई थी। इस बीच शनिवार की देर पुलिस को सूचना मिली कि मटौंध क्षेत्र के गोयरा मुगली गांव के पास अंतर्राज्यीय ईरानी गैंग के दो लुटेरे किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में है। जैसे सी मौके पर पुलिस पहुंची तो दोनों बदमाशों ने फायरिंग कर दी, जवाबी फायरिंग में दोनों बदमाश के पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गए। फिलहाल घायलों को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया है।
पुलिस अधीक्षक शिवराज ने बताया कि पकड़े गए अभियुक्तों के नाम सलमान और साहिल है, जो मध्य प्रदेश के रहने वाले है। इन लोगों के बारे में ऑपरेशन त्रिनेत्र में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की मदद से जानकारी हुई थी। दोनों ने हाल ही में शहर में एक महिला के साथ टप्पेबाजी की घटना को अंजाम दिया था। साथ ही इनके द्वारा पूर्व में कई घटनाओं को अंजाम दिया गया है। गैंग के अन्य सदस्यों की भी तलाश कर रहे हैं। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।