शातिर अपराधी ठग की 1.90 करोड़ की संपत्ति कुर्क, हापुड़ में पैसा दोगुना करने के नाम पर किया था 500 करोड़ का फ्रॉड
हापुड़। जिला प्रशासन द्वारा संगठित गैंगस्टर अपराध के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई है। गढ़मुक्तेश्वर पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत शातिर अपराधी की 1 करोड़ 90 लाख रुपए की दो संपत्तियां कुर्क कर दी हैं। गांव में मुनादी कराई गई और अवैध तरीके से खरीदी गई खेती की जमीन पर सरकारी बोर्ड लगा दिया गया।हापुड़ जिले के एसपी ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि आरोपी मुकेश कुमार पुत्र विशंभर सिंह निवासी बहादुरगढ़, हापुड़ ने जिला गाजियाबाद में तीन प्लाट और जिला बुलंदशहर में कृषि भूमि खरीदी थी। आरोपी और उसके साथियों को पहले ही जेल भेजा जा चुका है। कोर्ट के आदेश पर जिला प्रशासन और गढ़ मुक्तेश्वर पुलिस द्वारा गाजियाबाद और बुलंदशहर की संपत्तियों पर कुर्की की कार्रवाई की गई है।
18 महीने में पैसा दोगुना करके ठगी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कुछ वर्ष पहले हापुड़ के थाना बहादुरगढ़ क्षेत्र के ग्राम चांदनेर निवासी मुकेश ने अपने साथियों के साथ मिलकर निफ्टेक ग्लोबल नाम से कंपनी बनाई थी। इन लोगों ने कंपनी के कर्मचारियों द्वारा हापुड़ और आसपास के क्षेत्र में लोगों को निवेश करने पर 18 महीने में पैसे दोगुना करने का लालच दिया था।
अचानक कंपनी बंद करके फरार।
500 करोड़ रुपए की ठगी।
इस मामले में पुलिस लगातार आरोपियों द्वारा खरीदी गई संपत्तियों को जब्त करके कुर्की की कार्रवाई कर रही है। यह घोटाला लगभग 500 करोड़ रुपए का बताया जा रहा है। इस मामले में पुलिस ने आरोपी मुकेश की करोड़ों रुपए की संपत्ति को जब्त कर कुर्की की कार्रवाई की है। गढ़ सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि थाना बहादुरगढ़ के ग्राम चांदनेर निवासी मुकेश कुमार पर कुल पांच मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी ठग मुकेश कुमार की गाजियाबाद में स्थित तीन प्लाट जिनकी कीमत करीब 1 करोड़ से ज्यादा है और बुलंदशहर में स्थित कृषि भूमि जिसकी कीमत करीब 90 लाख रुपए है। दोनों जगह की संपत्ति को जब्त कर कुर्की की कार्रवाई की है।न्यायालय के आदेश पर दोनों गाजियाबाद के प्लाट और बुलंदशहर की कृषि भूमि पर कार्रवाई करते हुए बोर्ड लगाकर गांव में मुनादी करा दी गई है। आरोपियों और उनके परिजनों और रिश्तेदारों के नाम पर खरीदी गई संपत्तियों की जांच लगातार जारी है।