पहले हत्या फिर घर में दफना दिया पत्नी का शव, पांच साल पहले पिता का किया था मर्डर
लोहरदगा। जिले में एक हत्याकांड ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है. एक युवक ने पहले अपनी पत्नी की हत्या कर दी और फिर उसके शव को घर में ही दफना दिया। इस घटना से पुलिस भी हैरान है। मौके पर मौजूद पुलिस टीम ने शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हालांकि, शव की हालत बेहद खराब होने के कारण लोहरदगा में शव का पोस्टमार्टम नहीं हो पाया। अब शव का पोस्टमार्टम रांची के रिम्स में किया जाएगा।
छह दिन बाद हुआ घटना का खुलासा
दरअसल, 24 अगस्त 2025 को भंडरा थाना क्षेत्र के भीठा गांव निवासी रघु उरांव उर्फ रघुवीर अपनी पत्नी फूलो उराव के साथ गांव में ही फुटबॉल टूर्नामेंट में गया हुआ था। दोनों साथ में लौट रहे थे कि अचानक उनके बीच कुछ कहासुनी हो गई। घर लौटने के बाद रघु उरांव ने अपनी पत्नी फूलो की हत्या कर दी। इसके बाद शव को घर में ही दफना दिया। कुछ दिनों तक किसी को कोई खबर नहीं हुई, लेकिन जब दुर्गंध आने लगी तो ग्रामीणों को संदेह हुआ। जिसके बाद ग्रामीणों ने मामले की सूचना भंडरा थाना पुलिस को दी।
भंडरा थाना प्रभारी अरविंद कुमार सिंह मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की और फिर डीसी के निर्देश पर भंडरा प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रतिमा कुमारी को दंडाधिकारी नियुक्त किया गया। साथ ही फॉरेंसिक टीम को भी सूचना दी गई। दंडाधिकारी और फोरेंसिक टीम की मौजूदगी में शव को बाहर निकाला गया। इस दौरान रघु उरांव को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। रघु उरांव पहले भी आपराधिक घटनाओं में संलिप्त रहा है। साल 2010 में रघु उरांव ने अपने पिता धनमासी उरांव की हत्या कर दी थी। इसके अलावा साल 2014 में अपनी चाची पर भी जानलेवा हमला किया था। दोनों मामलों में वह जेल भी जा चुका है।
आरोपी द्वारा अपनी पत्नी की हत्या कर शव को अपने घर में ही दफनाए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने दंडाधिकारी की मौजूदगी में शव बरामद कर लिया है। साथ ही आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई कर रही है:- अरविंद सिंह, थाना प्रभारी भंडरा, लोहरदगा